सीकर

सीकर: सर्राफा व्यापारी के बेटे ने ही रची लूट की साजिश, CCTV कैमरे से रख रहा था नजर; ऐसे खुला राज

सीकर में धोद रोड पर सर्राफा कारीगर से लूट का खुलासा हुआ है। व्यापारी के बेटे ने साथियों के साथ साजिश रची और CCTV से ऑनलाइन नजर रखी। पुलिस ने 12 घंटे में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2026, 3:59 PM IST
sikar robbery news
पुलिस की गिरफ्त में लूट के आरोपी (पत्रिका फोटो)

Sikar Robbery News: सीकर शहर में धोद रोड पर सर्राफा कारीगर के साथ हुई लूट की वारदात की साजिश का खुलासा हुआ तो पुलिस भी हैरान रह गई। वारदात को अंजाम देने वालों में सर्राफा व्यापारी का बेटा भी शामिल निकला। उसने ही कारीगर की गतिविधियों और दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की जानकारी साथियों को दी थी। यही नहीं, वारदात के दौरान और उसके बाद वह मोबाइल से जुड़े सीसीटीवी कैमरों के जरिए ऑनलाइन गतिविधियों पर भी नजर रख रहा था। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर मामले का खुलासा कर दिया।

दुकान से सोना ले जाने के बाद बनाया निशाना

सीकर कोतवाली थानाधिकारी सुनील जांगिड़ ने बताया कि घंटाघर क्षेत्र में इंदरचंद सोनी की दुकान पर सोने-चांदी के आभूषण बनाने का काम करने वाले कारीगर ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि शुक्रवार रात को दुकान से ग्राहकों का करीब 100 ग्राम से अधिक सोने का रवा और सात ग्राम सोने की डली अपने स्कूटर की डिक्की में रखकर रवाना हुआ था।

रात करीब 11 बजे धोद रोड स्थित माटोलियों की गली में पहुंचने पर पीछे से आई काले रंग की गाड़ी ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। कार से उतरे दो युवकों ने उसके साथ मारपीट की और चाबी छीनकर स्कूटी की डिक्की खोल ली। इसके बाद सोना रखा पर्स लूट लिया। आरोपी उसकी जेब से 7,600 रुपए भी ले गए।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़ित की निशानदेही, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी मदद से पुलिस ने तीन घंटे में ही एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हो गया।

कार किराए पर लेकर आए थे आरोपी

जांच में सामने आया कि सर्राफा व्यापारी के बेटे मोहित सोनी उर्फ मोनू उर्फ युवराज ने लूट की साजिश रची थी। उसे कारीगर की दिनचर्या और दुकान में रखे आभूषणों की जानकारी थी। उसने साथियों के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची और किराए की कार लेकर वारदात को अंजाम दिया। साजिशकर्ता मोबाइल से जुड़े सीसीटीवी कैमरों के जरिए पीड़ित की गतिविधियों पर ऑनलाइन नजर रख रहा था।

ये पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मोहित (20) के अलावा शेखपुरा मोहल्ला निवासी शक्ति सिंह, जयकरण शर्मा उर्फ बिट्टू (24), बंगड़ी नांगल, गोविंदगढ़ (जयपुर) निवासी एवं हाल पालवास रोड निवासी प्रियांशु वैष्णव उर्फ लक्की उर्फ मास्टर और शहर के लसाड़िया का बास निवासी एवं हाल कंवरपुरा रोड निवासी सौरभ शर्मा उर्फ चीनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

Updated on:
8 Nov 2026, 3:59 PM IST
Published on: