
सीकर. जम्मू कश्मीर में बर्फबारी का असर सोमवार को शेखावाटी में रहा। हवा में नमी बढऩे के कारण फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर न्यूनतम तापमान में करीब छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बीती रात से चल रही उत्तरपूर्वी नम हवाओं से पोर-पोर कांप उठा।
दिन में धूप तो निकली लेकिन मौसम के मिजाज में बदलाव नहीं हुआ। सुबह वातावरण में नमी की मात्रा 92 प्रतिशत रही। हवाओं की गति 2.7 किलोमीटर प्रति घंटा रही। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर न्यूनतम तापमान एक दिन में 5.6 और अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री गिर गया। दिन ढलने के साथ सर्दी तेज हो गई। ग्रामीण अंचल में लोगों ने अलाव का सहारा लिया। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री रिकार्ड किया।
शेखावाटी पर असर
शेखावाटी क्षेत्र अपने इलाके में गर्मी व सर्दी के लिए प्रसिद्ध है। उत्तरी क्षेत्र में मौसम में आए बदलाव का सीधा असर शेखावाटी पर पड़ता है। इससे तापमान में लगातार उतार चढ़ाव रहता है। पिछले वर्ष दिसम्बर माह के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान कम रहा था। मौसम विशेषज्ञ ओमप्रकाश कालश ने बताया कि हिमालय के तराई क्षेत्र में बर्फबारी के बाद चल रही हवाओं के कारण अचानक सर्दी बढ़ी है। हवाएं रूकने के बाद सर्दी का असर कम होगा।
मौसमी बीमारियों पर लगेगी लगाम
डेंगू, स्वाइन फ्लू के वायरस पर इस इस बढ़ी सर्दी का असर होने की उम्मीद है। डॉ. रघुनाथ चौधरी ने बताया कि सर्दी में वायरस खत्म होने से मौसमी बीमारियों से निजात मिल जाएगी। हालांकि सर्दी और जुकाम के मरीज बढ़ेंगे। तेज सर्दी के दौरान अस्थमा व ब्लड प्रेशर के मरीजों को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। सर्दी से बचने के कारण सर्दी का पूरा बचाव नहीं करने पर बुजुर्ग लोगों में हार्ट अटैक व लकवा संबंधी बीमारी बढ़ सकती है।
दीपावली पर रहेगी सर्दी
इस इस बार सर्दी जल्द शुरू होने से लोगों को दीपावली पर तेज सर्दी का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने बताया कि सर्दी जल्द शुरू होने से अब कोहरा छाएगा साथ ही इसका असर रबी की फसलों पर पड़ेगा। रबी का बेहतर उत्पादन मिलने की आस है।
सर्दी से बचाने के लिए पशुपालक अपने मवेशियों को सूर्योदय के बाद ही बाडे से बाहर निकाले और सूर्यास्त के बाद बाडे में बांध दें। पशुओं के पीने के पानी की खेळ को सुबह ताजा पानी से भरें इसके बाद ही पशुओं को पानी पिलाएं।
डा. दिनेश, पशु चिकित्सक