सीकर शहर को बाइपास से जोड़ने वाले पुलिस लाइन मार्ग को सेक्टर प्लान के हिसाब से 40 फीट करने की कवायद तेज हो गई है। नगर परिषद की मुहिम के बाद अब स्थानीय लोग भी आगे आए है।
सीकर। शहर को बाइपास से जोड़ने वाले पुलिस लाइन मार्ग को सेक्टर प्लान के हिसाब से 40 फीट करने की कवायद तेज हो गई है। नगर परिषद की मुहिम के बाद अब स्थानीय लोग भी आगे आए है। स्थानीय लोगों ने स्वयं के स्तर पर अस्थाई अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया है। नगर परिषद की ओर से पिछले दिनों इलाके के 150 से ज्यादा लोगों को नोटिस जारी किए थे।
इसके बाद इलाके के लोगों की नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा से बातचीत हुई थी। इसके बाद बुधवार को इलाके के कई लोगों ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। कई लोगों ने खुद के स्तर पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद से मौहलत भी मांगी है। दूसरी तरफ नगर परिषद की ओर से इलाके के लोगों से लगातार सम्पर्क कर समझाइश भी की जा रही है। नगर परिषद टीम की ओर से अगले चरण में बसंत विहार व रामपुरा रोड पर इसी तरह से अभियान शुरू किया जाएगा।
पुलिस लाइन रोड सीधे बाईपास को जोड़ता है। फिलहाल इस मार्ग काफी अतिक्रमण होने की वजह से दिनभर जाम के हालात बने रहते है। इस मार्ग के 40 फीट होने से शहरवासियों को जाम से पूरी तरह राहत मिल सकेगी। इस जोन में सड़क की चौड़ाई बढ़ोतरी से राधाकिशनपुरा इलाके के लोगों को फायदा मिलेगा।
नगर परिषद की ओर से राधाकिशनपुरा मॉडल की तर्ज पर शहर के प्रमुख मार्ग की मास्टर प्लान के हिसाब से चौड़ाई बढ़ाई जा रही है। नगर परिषद ने सबसे पहले राधाकिशनपुरा में नोटिस जारी किए थे, इसके बाद लोगों ने खुद अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया था। इसके बाद तहसील रोड पर भी लोगों ने खुद अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाए थे। जिला प्रशासन भी नगर परिषद के राधाकिशनपुरा मॉडल की सराहना कर चुका है।
पुरोहित जी ढाणी इलाके में सड़क की चौड़ाई बढ़ोतरी से आवागमन सुगम होने के साथ सौन्दर्यकरण भी बढ़ सकेगा। इलाके के लोगों ने अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने की पहल शुरू की है जो सराहनीय है। अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने वालों को परिषद की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
शशिकांत शर्मा, आयुक्त, नगर परिषद, सीकर