सीकर

सीकर : पड़ोसन की नाइटी चुराकर पहनी, फिर किया बुरा काम, सीसीटीवी देखकर हिल गई पुलिस

Sikar News: समिति के गोविंद चतेरा की रिपोर्ट पर पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो हड़कंप मच गया।
2 min read
Apr 01, 2026
Sikar Crime News
Sikar Crime News

Crime News: राजस्थान के सीकर जिले से चोरी का एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और जनता दोनों को हैरान कर दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान स्थित काल भैरव मंदिर में चांदी के छत्र चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ चोर का गेटअप, रहा, जो पहचान छुपाने के लिए पड़ोस में रहने वाली एक महिला की नाइट ड्रेस पहनकर वारदात को अंजाम देने पहुंचा था।

सीसीटीवी में कैद चोर की अजीब करतूत

रामलीला मैदान स्थित प्राचीन काल भैरव मंदिर में सोमवार रात करीब दो दर्जन चांदी के छत्रों पर हाथ साफ किया गया था। मंदिर समिति के गोविंद चतेरा की रिपोर्ट पर पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो हड़कंप मच गया। फुटेज में एक युवक महिला की नाइट ड्रेस पहने हाथ में लोहे की सरिया लेकर आता दिखा। वह शातिराना अंदाज में पहले मंदिर के बाहर बैठकर तसल्ली से बीड़ी पीता है और फिर सरिया से गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल होता है। चोरी की यह पूरी वारदात वहां लगे कैमरों में कैद हो गई। आरोपी को लगा कि पड़ोसन की नाइटी के कारण पुलिस उस तक पहुंचेगी और वह बच जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

डोरी पर सूखे कपड़ों ने खोल दी पोल

थानाधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में टीम ने करीब 30 सीसीटीवी कैमरों की कड़ियों को जोड़ा। पुलिस की तफ्तीश रायजी का कुआं इलाके में एक किराए के मकान तक पहुंची। वहां डोरी पर सूख रहे कपड़ों को देखकर पुलिस का माथा ठनका। दरअसल आरोपी ने चोरी के वक्त जिस महिला की नाइटी पहनी थी, उसे उसने रात में पड़ोस के घर के बाहर से चुराया था यही नाइटी पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत बन गई।

नींद खुली तो सामने पुलिस खड़ी थी

आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ राजू के रूप में हुई है। पुलिस जब उसके कमरे पर पहुंची, तो वह वारदात को अंजाम देकर चैन की नींद सो रहा था। जैसे ही राजकुमार की आंखें खुलीं, उसने सामने पुलिस को खड़ा पाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने कबूल किया कि पहचान छुपाने के लिए उसने महिला के कपड़े पहने थे। पुलिस के अनुसार राजकुमार एक आदतन अपराधी है और पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है।

Updated on:
01 Apr 2026 12:00 pm
Published on:
01 Apr 2026 12:00 pm