सीकर

बिना परमिट, फिटनेस व बीमा संचालित छह स्कूल बसें जब्त, 11 के चालान

Aug 03, 2026
Rajasthan

झुंझुनूं. जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने अवैध रूप से संचालित बाल वाहनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को मलसीसर उपखंड क्षेत्र में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी कर संचालित स्कूल बसों पर कार्रवाई करते हुए छह बसों को जब्त किया गया, जबकि 11 स्कूल बसों के चालान बनाए गए। परिवहन विभाग के उड़नदस्ता प्रभारी सुमित कुमार और रोहिताश भागासरा के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों की स्कूल बसों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहन बिना पंजीयन, बिना परमिट, बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र, बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसीसी) तथा बिना बीमा के संचालित पाए गए। ऐसे वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए छह बसों को जब्त कर लिया गया तथा 11 बसों के चालान बनाए गए। जिला परिवहन अधिकारी रमेश कुमार यादव ने बताया कि स्कूल एवं कॉलेज संचालकों तथा संस्था प्रधानों को पहले ही नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए बार-बार निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके अलावा 17 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भी सभी संस्था प्रधानों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करने की अपील की गई थी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई स्कूलों में नियमों की अनदेखी कर बाल वाहनों का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में अब विभाग किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। बिना आवश्यक दस्तावेजों के संचालित स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Updated on:
03 Aug 2026 06:00 am
Published on:
03 Aug 2026 06:00 am