Road Accident: सॉफ्टवेयर इंजीनियर निखिल 10 अप्रेल को ऑफिस जाने के लिए घर से निकला था और ऑफिस के सामने सड़क पार करते समय एक कार ने उसे टक्कर मार दी।
Software Engineer Dies In Chennai Accident: राजस्थान के सीकर जिले के श्रीमाधोपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। हांसपुर ग्राम पंचायत की छीतरकावाली ढाणी निवासी 23 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर निखिल सैनी की चेन्नई में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। ये घटना शुक्रवार की है निखिल रोज की तरह अपने काम पर जा रहा था। बताया जा रहा है कि ऑफिस के सामने सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद कंपनी के कर्मचारियों ने निखिल को पास के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। निखिल की पार्थिव देह रविवार को उसके पैतृक गांव लाई गई, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया।
निखिल की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। उसकी मां अनिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटी बहन जान्हवी और भाई लक्षित भी सदमे में हैं। परिवार के बुजुर्ग सदस्य भी इस दुख को सहन नहीं कर पा रहे हैं। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है और हर कोई इस घटना से दुखी है।
यह परिवार पिछले 10 साल में दूसरी बार ऐसी त्रासदी से गुजरा है। निखिल के पिता विजय कुमार सैनी की भी वर्ष 2016 में हरियाणा के रोहतक में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पिता के निधन के बाद निखिल ने ही परिवार की जिम्मेदारी संभाली थी और अपने दम पर आगे बढ़ रहा था।
परिजनों के अनुसार, निखिल ने पिछले साल आंध्र प्रदेश के अमरावती से बीटेक (कंप्यूटर साइंस) की पढ़ाई पूरी की थी। करीब आठ महीने पहले ही उसने चेन्नई स्थित स्टैंडर्ड चार्टर्ड ग्लोबल सर्विस में अप्रेंटिस टेक्नोलॉजी पद पर नौकरी शुरू की थी। निखिल एक होनहार और मेहनती युवक था, जिसके सपने अभी पूरे होने बाकी थे। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।