सीकर

SIKAR : इन युवकों ने कुएं पर ली मौत वाली सेल्फी, इस एंगल से फोटो लेते समय कुएं में गिरे

https://www.patrika.com/sikar-news/

2 min read
Jul 25, 2018
laxmangarh news
Two youths of Sikar rajasthan fell into a well while taking selfie

लक्ष्मणगढ़ (सीकर). मोबाइल सेल्फी अक्सर जानलेवा साबित हो रही हैं। इसके बावजूद युवा पीढ़ी उन हादसों से सबक नहीं ले रही है। इसका ताजा उदाहरण राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ उपखण्ड के गांव रिणु में सामने आया है। गांव रिणू गांव में सोमवार को सेल्फी लेने के चक्कर में कुएं में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। घटना शाम पांच बजे की है। मृतकों की पहचान राजेश गोदारा (18 वर्ष) तथा इरफान (19 वर्ष) के रूप में की गई।


ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक बृजमोहन असवाल व बलारा थानाधिकारी अरुण सिंह ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला। दोनों युवकों को बाद में लक्ष्मणगढ़ स्थित सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शवों को सरकारी अस्पताल में रखवाया गया। सुबह पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।

एक को बचाने के चक्कर में दूसरा भी गिरा

निकट ग्राउण्ड पर क्रिकेट मैच चल रहा था। उसी दौरान कुछ युवा उक्त कुएं पर बैठे थे। उनमें से राजेश व इरफान एक दूसरे की सेल्फी ले रहे थे। अचानक उनमें इरफान का पैर फिसल गया और वह कुएं गिर गया। उसके पकडऩे के चक्कर में राजेश भी कुएं में गिर गया।

ग्रामीणों ने अपने स्तर पर किए प्रयास

दोनों के कुएं में गिरने पर पास में मौजूद अन्य युवकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और ग्रामीणों को सूचना दी। धीरे धीरे मौके पर भीड़ जमा हो गई। पहले तो ग्रामीणों ने अपने स्तर पर भी उनको निकालने के प्रयास किए, परन्तु सफल नहीं हुए।

घंटेभर तक रहा जिंदा
उनमें से एक युवक जीवित था और कराह रहा था। कुएं के अंदर जाने की त्वरित व्यवस्था नहीं हो सकी। पुलिस भी सूचना के लभगभ एक घंटे बाद पहुंची।

Updated on:
25 Jul 2018 05:17 pm
Published on:
25 Jul 2018 05:03 pm