सीकर

राजस्थान में यहां शादी के 15 साल बाद पेट में चाकू घोंप कर पत्नी की हत्या, पुलिस से बोला- हार्ट अटैक से हुई मौत

Rajasthan Crime News : आरोपी पति पुलिस को गुमराह करता रहा कि उसकी पत्नी की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
May 12, 2024

Rajasthan Crime News : सीकर। राजस्थान के सीकर जिले में एक पति ने आपसी कहासुनी के बीच शुक्रवार देर रात अपनी पत्नी के पेट में चाकू घोंप दिया। चीख पुकार सुनकर जागे परिजनों ने पत्नी को कस्बे के उपजिला अस्पताल पहुंचाया जहां से गंभीर हालत में उसे सीकर रैफर कर दिया। सीकर में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी तो महिला के भाई ने महिला के पति पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। इधर, आरोपी पति पुलिस को गुमराह करता रहा कि उसकी पत्नी की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका के भाई झुंझुनूं जिले के डाबड़ी धीरसिंह निवासी अब्दुल जब्बार ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन रूबीना बानो की शादी 15 साल पहले नदीम पुत्र मोहम्मद आमीन निवासी मोहल्ला व्यापारियान नेछवा के साथ की थी। रूबीना के भाई ने अपने जीजा पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व चाकू घोंपकर मारने का मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने नदीम को हिरासत में ले लिया है।

गुस्से में की वारदात

आरोपी पति नदीम पैरों से विकलांग है। उसने मोहल्ले में ही आटा चक्की व किराणा सामान की दुकान कर रखी है। नदीम अपने भाइयों के परिवार के साथ ही घर में रहता है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कभी दोनों के बीच झगड़े जैसी बात नहीं देखी। रात को सभी भाई अपने-अपने कमरे में सो गए। रात दो-ढाई बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। गुस्से में नदीम ने अपनी पत्नी रूबीना को कमरे में ही चाकू मार दिया। चाकू रूबीना के पेट में लगा। कमरे में चीखपुकार से घरवालों की आंख खुल गई। सभी ने मिलकर रूबीना को नेछवा अस्पताल पहुंचाया जहां से सीकर रैफर कर दिया गया। नदीम व रूबीना के एक बेटी व एक बेटा है।

पुलिस को किया गुमराह, बोले हार्ट अटैक से हुई मौत

नेछवा थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली। पुलिस एसके अस्पताल पहुंची तो वहां परिजनों ने उल्टी दस्त व हार्ट अटैक से मौत होना बताया। पुलिस ने चिकित्सकों से मिलकर बॉडी देखी तो पेट पर चाकू का घाव मिला। इस पर पुलिस को शक हुआ तो पीहर पक्ष को बुलाकर शव का पोस्टमार्टम करवाया। उसके बाद शव पीहर पक्ष को सौंपा। शाम को फारेंसिक टीम ने भी मौके का मुआयना किया। मामले की जांच लक्ष्मणगढ़ सीआई दिलीप मीणा कर रहे है।

Published on:
12 May 2024 10:50 am
Also Read
View All

अगली खबर