सिंगरौली

सरकार की उज्जवला योजना पर ढिलाई का ग्रहण, सभी पात्रों को नहीं मिला कनेक्शन

जिले में 9 डीलर अधिकृत, मगर समस्या बनी हुई
2 min read
• •
Updated: 5 Oct 2018, 10:11 PM IST
Acceptance of slowdown on the government's bright plan, all the characters did not get the connection
Acceptance of slowdown on the government's bright plan, all the characters did not get the connection

सिंगरौली. जिले का अति पिछड़ा व आदिवासी बहुल क्षेत्र रसोई में धुएं के प्रदूषण से मुक्ति के लिए केन्द्र सरकार की उज्जवला योजना में बाकी जगहों के मुकाबले मेें पिछड़ रहा है और इसका सिलसिला लगातार बना हुआ है। हालत यह है कि जिले में दुर्गम व दूरदराज के पिछड़े व आदिवासी परिवारों के हजारों घरों की रसोई में अब तक उज्जवला योजना के लाभ का पता नहीं। इस कारण ही जिला मुख्यालय पर हर सप्ताह मंगलवार को जिला कलेक्टर की ओर से होने वाली जन सुनवाई में आदिवासी या पिछड़े परिवारों की महिलाओं को उज्जवला योजना में रियायत में गैस कनेक्शन दिलाने के लिए आवेदन लेकर पहुंचते देखा जाता है। इसे योजना की अनदेखी का नतीजा माना जाएगा कि लागू होने के 16 माह बीत जाने के बाद भी जिले में लाभ के लिए पात्र चिन्हित किए गए सभी परिवारों को अब तक गैस कनेक्शन नहीं मिल सका है।

जनगणना का भी लिया सहारा
असल में निर्धन, पिछड़े व आदिवासी श्रेणी के परिवारों की महिलाओं को रसोई के धुएं व इससे होने वाले रोगों से बचाने के लिए ही केन्द्र सरकार की ओर से इस योजना को लागू किया गया था। केन्द्र सरकार ने एक मई 2016 को निर्धन परिवारों की महिलाओं को धुएं व प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से उज्जवला जैसी योजना लांच की थी। इसके तहत बीपीएल परिवारों को इस योजना का लाभ दिया जाना था। तत्कालीन समय में इस योजना के तहत लाभ देने के लिए बाकायदा जनगणना का सहारा लिया गया। इस योजना के तहत पात्र परिवारों की महिलाओं के नाम से रियायती शुल्क पर गैस कनेक्शन जारी किया जाना तय किया गया। इस योजना में यहां पिछड़े व आदिवासी जिले सिंगरौली में एक लाख 30 हजार से अधिक परिवारों का लाभ के लिए चयन किया गया। बताया गया कि केन्द्र सरकार की ओर से योजना का लाभ देने के लिए जिले की चितरंगी तहसील से सबसे अधिक निर्धन परिवारों को पात्र आंका गया। इस योजना के तहत कनेक्शन देने के लिए जिले में संचालित नौ गैस एजेंसियोंं को केन्द्र सरकार की ओर से आदेशित भी किया गया।

48 हजार परिवार आज भी वंचित
मगर अच्छे आगाज के बावजूद जिले में इस योजना का हाल कोई अच्छा नहीं रहा। आज हालत यह है कि योजना लागू हुए 16 माह से अधिक का समय बीत गया मगर जिले में पात्र माने गए लगभग 48 हजार परिवारों को आज तक उज्जवला योजना में रियायती शुल्क पर गैस कनेक्शन नहीं दिला पाने में सारी एजेंसियां विफल रही हैं। सामने आया कि अगस्त माह तक इस योजना में लगभग 82 हजार परिवारों को ही गैस कनेक्शन मिल सका था। बताया गया कि कई कारणों से गैस एजेंसियां इस योजना में गैस कनेक्शन देने में टालमटोल करती हैं और पात्र परिवारों के लोग यहां से वहां भटकते रहते हैं। वैसे जिले का खाद्य विभाग की इस योजना को लेकर गंभीर दिखाई नहीं देता। इस संबंध में सवाल करने पर जिला आपूर्ति अधिकारी बालेन्द्र शुक्ला ने उपेक्षा भाव से कहा कि उज्जवला योजना में कोई समस्या नहीं है तथा लोगों को कनेक्शन मिल रहे हैं। इस हालत में समझा जा सकता है कि वंचित परिवारों को रियायती शुल्क पर गैस कनेक्शन के लिए कितना लंबा और इंतजार करना पड़ सकता है।

Updated on:
5 Oct 2018, 10:11 PM IST
Published on: