
सिंगरौली.मध्य प्रदेश संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ की 19 फरवरी से हड़ताल चल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित डिलेवरी प्वाइंट, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गई हैं। जिला चिकित्सालय बैढ़न में संचालित एसएनसीयू एवं लेबर वार्ड की सेवाएं लगभग ठप्प हो गई हैं। जिससे आम जनमानस को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को संविदा कर्मचारियों ने शहर में रैली निकाली और धरना स्थल पर पकौड़े बनाकर प्रदेश सरकार की नीतियों के प्रति विरोध जताया।
संविदा कर्मियों के साथ हो रहा अन्याय
मध्य प्रदेश संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ सिंगरौली के उपाध्यक्ष सुधांशु मिश्र ने कहा कि प्रदेश के सभी विभागों, उनकी परियोजनाओं, निगम मण्डलों में संविदा कर्मचारी पिछले 20 वर्ष से काम कर रहे हैं। कई बार शासन-प्रशासन से निवेदन किया गया लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को प्रदेश स्तर पर धरना प्रदर्शन होगा।
शहर में निकाली रैली
मध्य प्रदेश संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ में कार्यरत संविदा कर्मचारियों अधिकारियों ने रविवार को रैली निकाली। उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न के पीछे स्थित बीआरसी ग्राउण्ड से वाहन रैली निकाली गई। रैली बीआरसी ग्राउण्ड से चलकर कोतवाली बैढ़न होते हुए अम्बेडकर चौक में डॉ.भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को ज्ञापन सौंपा गया। अम्बेडकर चौक बैढ़न से रैली तुलसी मार्ग बैढऩ, मस्जिद चौक होते हुए विन्ध्यनगर चौक में स्थित प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी की प्रतिमा को ज्ञापन सौंपा गया। विन्ध्यनगर से रैली माजनमोड़ स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा को ज्ञापन सौंपा गया।
जारी रहेगी हड़ताल
कर्मचारी संघ के जिला उपाध्यक्ष सुधांशु मिश्र ने बताया जब तक संविदा कर्मचारियों की मांग नहीं मान ली जाती अनिश्चित कॉलीन हड़ताल जारी रहेगी। इस प्रकार यदि संविदा कर्मचारी जल्द काम पर नहीं लौटे तो स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत बेहद खराब होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रम संविदा कर्मचारियों के भरोसे ही चल रहे हैं।