mp news: कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर लिया बड़ा एक्शन।
mp news: मध्यप्रदेश के सिंगरौली में कलेक्टर गौरव बैनल ने बड़ा एक्शन लेते हुए एक तहसीलदार व एक नायब तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है वहीं एक पटवारी को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया। कलेक्टर उज्जैनी, बड़ोखर तथा बरगवा तहसीलदार कोर्ट का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे और इस दौरान राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही मिलने पर उन्होंने ये कार्रवाई की।
कलेक्टर गौरव बैनल ने देवसर तहसील अंतर्गत उज्जैनी, बड़ोखर तथा बरगवा तहसीलदार कोर्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य प्रकरणों के निराकरण की जानकारी ली और नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि लंबित राजस्व प्रकरणों का जल्द निराकरण करें। निरीक्षण के दौरान राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर द्वारा प्रभारी नायब तहसीलदार बरगवा नागेश्वर पनिका एवं प्रभारी नायब तहसीलदार बड़ोखर दिनेश कुमार पनिका को कारण बताओ नोटिस जारी किए। दोनों को तीन दिन के अंदर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
वहीं राजस्व प्रकरण के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरतने पर कलेक्टर गौरव बैनल ने पटवारी हल्का देवरा अजमेर सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रकरणों की प्रारंभिक सुनवाई नियमित रूप से की जाए और जिन प्रकरणों में पटवारी द्वारा प्रतिवेदन नहीं प्रस्तुत किया गया है उनमें पटवारियों की बैठक कर समय सीमा रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित करें। इसके बाद भी अगर पटवारी लापरवाही बरतते हैं तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।