
नाबालिग की हत्या के बाद तनाव (Photo Source- Patrika)
Singrauli News : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना इलाके में 15 वर्षीय नाबालिग की हत्या के बाद बुधवार देर शाम को इलाके में तनाव के हालात बन गए। युवक का शव मिलने के बाद परिजन के साथ-साथ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इसी आक्रोश के चलते भीड़ ने पहले तो मोरवा थाने में जमकर बवाल काटा, फिर हत्या के एक आरोपी के घर के बाहर पहुंची और वहां भी जमकर बवाल किया। भीड़ ने आरोपी के घर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो को भी आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिसके चलते इलाके में हड़कप मच गया।
इसके बाद आक्रोशित भीड़ मोरवा थाने के गेट के सामने जमा हो गई। यहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी भीड़ द्वारा जमकर नारेबाजी शुरू की गई। बताया जा रहा है कि, नाबालिग 2 दिन पहले अचानक लापता हुआ था, जिसके बाद से लगातार जारी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की गई। इसी बीच बुधवार शाम नाबालिग का शव मिलने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। परिजन के साथ स्थानीय लोग हत्या की आशंका जताते हुए मोरवा थाने के गेट पर इकट्ठे हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
भीड़ द्वारा किया जा रहा प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया। यहां भीड़ का गुस्सा पुलिस पर इस कदर बढ़ा कि, लोगों ने थाने के गेट पर तोड़फोड़ कर दी। यही नहीं, उग्र हुई भीड़ ने थाना परिसर में खड़े पुलिस सुरक्षा वाहन पर भी तोड़फोड़ कर दी। भीड़ ने थाने पर तैनात पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया। यही नहीं, पुलिसकर्मियों पर मिर्ची पाउडर तक फैंका गया। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, साथ ही लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। जनकारी ये भी सामने आई है कि, प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने पेट्रोल बम तक फेंके हैं। इसके बाद रात करीब 10 बजे आक्रोशित भीड़ ने आरोपी पंकज गुप्ता के घर के बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी। फिलहाल, पुलिस उपद्रवियों को चिह्नित कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ अबतक नाबालिग की हत्या के 2 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के साईंनगर इलाके में रहने वाले 15 वर्षीय नाबालिग पवन शाह को उसके दोस्त सुधांशु गुप्ता, पवन और इरशाद शराब पिलाने के बहाने सुनसान जगह पर ले गए और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पवन 9 मार्च से लापता था। बुधवार को उसका शव सूने घर में क्षत-विक्षत हालात में मिला, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बताया जाता है कि, पवन आरोपियों पर होली के दिन रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी कारण रंजिशवश आरोपितों ने हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि, आरोपियों ने शव को काली प्लास्टिक की पन्नी में बांधकर रखा था। रात के अंधेरे में शव को सूने घर से उठाकर जंगल में ले जाकर जला देते ताकि किसी को पता नहीं चलता, लेकिन आरोपियों को प्लान फेल हो गया और पुलिस ने शव की तलाश कर ली।
फिलहाल, क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा और थाने के आसपास भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती करनी पड़ी। अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि, फिलहाल हालात नियंत्रण में ले लिए गए हैं।
Updated on:
12 Mar 2026 09:43 am
Published on:
12 Mar 2026 09:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
