
सुनार की दुकान में लाखों की चोरी (Photo Source- Shop CCTV Screenshot)
MP News :मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। इसकी ताजा बानगी सामने आई बरगवां थाना क्षेत्र में, जहां आधी रात को करीब आधा दर्जन बदमाशों ने एक सुनार की दुकान पर धावा बोल दिया और लाखों का माल चुराकर फरार हो गए। बदमाश शटर तोड़कर ज्वेलरी शॉप में घुसे और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए। ये पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि, बरगवां बाजार स्थित सेठ विनोद कुमार सर्राफ की दुकान को चोरो ने 18 फरवरी की आधी रात निशाना बनाया। बदमाश सुनसान समय का फायदा उठाकर दुकान के सामने पहुंचे। पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी, फिर औजारों की मदद से शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए।
सीसीटीवी फुटेज में करीब 5 से 6 बदमाश चेहरे ढंके हुए नजर आ रहे हैं। दुकान में घुसते ही वे सीधे काउंटर और तिजोरी की ओर बढ़े। कुछ ही मिनटों में शोकेस में रखी सोने की चेन, अंगूठियां, कंगन और चांदी के आभूषण बैग में भर लिए। गल्ले में रखी नकदी भी समेट ली गई।
बताया जा रहा है कि, पूरी वारदात महज 5 से 10 मिनट में अंजाम देने के बाद भाग निकले। बदमाशों की तेजी और आत्मविश्वास से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने पहले से दुकान की रेकी की थी। घटना के बाद सभी आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
सुबह जब दुकान मालिक पहुंचे तो टूटा हुआ शटर और बिखरा सामान देखकर वे सन्न रह गए। अंदर शोकेस खाली पड़े थे और कैश काउंटर भी साफ था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपए के जेवरात और नकदी चोरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि, अगर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती तो इतनी बड़ी चोरी नहीं होती। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
Updated on:
23 Feb 2026 11:29 am
Published on:
23 Feb 2026 11:29 am
