सिंगरौली

अभद्र टिप्पणी के मामले में बुरे फंसे कांग्रेस नेता, SC-ST एक्ट में हुई गिरफ्तारी

MP News: कांग्रेस नेता भास्कर मिश्रा की गिरफ्तारी ने सियासत गरमा दी है। भाजपा विधायक राजेंद्र मेश्राम की शिकायत पर एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज, कोर्ट ने भेजा जेल।
2 min read
• •
Updated: 26 Sep 2025, 12:13 PM IST
singrauli congress leader arrested SC-ST Act mp news
singrauli congress leader arrested SC-ST Act (फोटो- सोशल मीडिया)

Congress Leader Arrested:सिंगरौली जिले में कांग्रेस नेता भास्कर मिश्रा (Bhaskar Mishra) के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को एससी-एसटी एक्ट (SC-ST Act) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम (MLA Rajendra Meshram) की शिकायत पर की गई।

विधायक ने प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव भास्कर पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाया था। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें भास्कर मिश्रा ने विधायक मेश्राम के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। वीडियो के वायरल होने के बाद विधायक ने कोतवाली वैढन में शिकायत दर्ज कराई। (MP News)

पुलिस ने किया था गिरफ्तार

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार सुबह मिश्रा को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे एक अन्य मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोतवाली पहुंचे थे। गिरफ्तारी की प्रक्रिया बेहद गोपनीय रही, किसी को भनक तक नहीं लगी। गिरफ्तारी के बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया और तत्पश्चात विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। वहां कांग्रेस नेता के अधिवक्ता ने जमानत की मांग की, लेकिन अदालत ने याचिका खारिज करते हुए उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया। (MP News)

राजनीतिक हलकों में हलचल

इस घटनाक्रम से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। गिरफ्तारी की जानकारी लगते ही आधा सैकड़ा कांग्रेस नेता कोतवाली पहुंच गए। नेताओं ने भाजपा विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि देवसर विधायक सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। भास्कर को झूठे केस में फंसाकर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा के इशारे पर पुलिस के इस कार्रवाई को तानाशाही रवैया बताया है। (MP News)

पुलिस ने कहा ये…

विधायक राजेंद्र मेश्राम की शिकायत पर भास्कर मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया है। भास्कर के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से 14 प्रकरण दर्ज हैं।- पुन्नू सिंह परस्ते, सीएसपी, विंध्यनगर

कांग्रेस नेताओं ने बताया सत्ता का दुरूपयोग

पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी पुलिस व प्रशासन का सहारा लेकर कांग्रेसियों के खिलाफ कार्रवाई करा रही है। भाजपा के जनप्रतिनिधि दबाव बनाकर अनर्गल कार्रवाई कराते हैं। ठीक उसी प्रकार सिंगरौली में भी कांग्रेस नेता पर कार्रवाई की गई है। इसका जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली निंदा करती है।- प्रवीण सिंह चौहान, शहर अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी

यह कृत्य निंदापूर्ण है। देवसर विधायक ने भास्कर के खिलाफ एससी एसटी के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। भास्कर ने कहीं भी जातिसूचक बात नहीं बोला है। भास्कर के साथ पूरी कांग्रेस पार्टी खड़ी है।- अरविंद सिंह चंदेल, पूर्व शहर अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी

Updated on:
26 Sep 2025, 12:13 PM IST
Published on: