सिंगरौली

चुनाव से पूर्व हुई प्रशासन की कार्रवाई, शस्त्रों पर चला नियमों का शास्त्र

विधानसभा चुनाव 2018
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2018, 11:29 PM IST
gun
gun

सिंगरौली. विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही जिले में जारी सभी हथियार थानों में जमा किए जा रहे हैं। मगर इससे पहले ही जिले मेें जिला प्रशासन ने जारी हथियार और उनके लाइसेंसों के प्रति सख्ती बरते जाने का सिलसिला शुरू हो गया था। इस सख्ती का ही नतीजा रहा कि चुनाव की घोषणा से पहले ही जिले में 22 शस्त्र लाइसेंस रद्द किए जा चुके थे। इस प्रकार चुनाव आने और इनकी घोषणा से पहले ही जिले में अलग-अलग प्रकार के २२ शस्त्र लाइसेंसों पर नियमों की कैंची चल गई।

दो दिन पहले हुआ निर्देश
अभी दो दिन पहले छह अक्टूबर को चुनाव आयोग की ओर से राज्य में विधानसभा चुनाव की घोषणा की गई और इसके साथ ही प्रशासन की ओर से जिले की तीनों तहसीलोंं में जारी लाइसेंस पर लोगों के पास आत्म रक्षा के लिए रखे सभी तरह के हथियार जमा कराने का आदेश हो गया। अब एक सप्ताह में सभी लाइसेंसी हथियार थानों में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई। इस आदेश के तहत जिले में आत्म रक्षा के लिए लाइसेंस वाले सभी 692 हथियार जल्द पुलिस जमा कर लेगी।

अधिकतर देसी बंदूक
बताया गया कि जिले में मंजूर 692 लाइसेंस पर लोगों के पास घरों में रखे गए हथियारों में से अधिकतर देसी गन व 12 बोर बंदूक हैं। इनमें से अधिकतर लाइसेंस हिंसक जानवरों से सुरक्षा के लिए पुराने समय में जारी हुए। नियमानुसार हर मालिक को अपने शस्त्र लाइसेंस का हर वर्ष नवीनीकरण कराना होता है मगर इसके कठोर नियमों की पालना नहीं होने पर प्रशासन की ओर से शस्त्र लाइसेंस रद्द कर दिए जाने का प्रावधान है। इन नियमों की पालना नहीं होने के कारण जिले में इस वर्ष के आरंभ जनवरी से सितम्बर माह तक 22 लोगों को शस्त्र लाइसेंस गवाना पड़ गया। प्रशासन की ओर से शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की यह कार्रवाई एसपी कार्यालय से नवीनीकरण किए जाने की अनुशंसा नहीं मिलने के आधार पर की गई। इस कार्रवाई के बाद जिले में शस्त्र लाइसेंसों की संख्या घटकर 692 पर आ गई जो २२ लाइसेंस रद्द होने से पहले सात सौ से अधिक थी।

22 लाइसेंस रद्द
बताया गया कि इस वर्ष जनवरी से सितम्बर माह तक नवीनीकरण की शर्त पूरी नहीं होने पर जिला प्रशासन की ओर से जिन २२ शस्त्र लाइसेंस को रद्द किया गया उनमें दो राइफल व शेष में अधिकतर १२ बोर गन थी। कलेक्ट्रेट की न्याय शाखा के अधिकृत सूत्रों के अनुसार हथियार लाइसेंस रद्द करने की यह कार्रवाई अलग-अलग तिथियोंं में एडीएम की ओर से की गई। बताया गया कि लाइसेंस रद्द कर दिए जाने के साथ ही संबंधित व्यक्ति को अपना हथियार निकटतम पुलिस थाने में जमा करने का निर्देश भी दिया जाता है। इसके बाद नियमों के तहत पुलिस की ओर से संबंधित हथियार थाने में जमा कर दिया जाता है। अब चुनाव के चलते जिले में लाइसेंसी सभी हथियार कुछ दिन में थानों में पहुंच जाएंगे।

Updated on:
8 Oct 2018, 11:29 PM IST
Published on: