5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शहर में बीएसएनएल का मोबाइल नेटवर्क ठप, नहीं जुड़ पा रही कटी केबल, अव्यवस्था का आलम

उपभोक्ता परेशान

2 min read
Google source verification
bsnl

BSNL's mobile network in the city is blocked, no connecting cable

सिंगरौली . जिला मुख्यालय पर शहरी क्षेत्र तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में बीएसएनएल की मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था लगभग दस दिन से बिगड़ी है। इसके चलते बीएसएनएल के मोबाइल उपभोक्ता परेशान हैं और उनको सही सुविधा नहीं मिल पा रही।
दस दिन से लोग परेशान
यहां जिला मुख्यालय के पूरे शहरी क्षेत्र सहित गोरबी व आसपास के अन्य क्षेत्र में सरकारी क्षेत्र की बीएसएनएल कंपनी की नेटवर्क सेवा मेंं पिछले दस दिनों से बाधा है। शिकायत है कि बीएसएनएल का नेटवर्क शहर के अधिकतर इलाके व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में इस दौरान ठप हो गया है और इस कारण शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बीएसएनएल उपभोक्ताओं को मोबाइल पर कोई सेवा नहीं मिल पा रही। इससे परेशान उपभोक्ताओं को मोबाइल सेवा का उपयोग करने के लिए निजी कंपनियों की सेवा का सहारा लेना पड़ रहा है। इस अव्यवस्था से बीएसएनएल के प्रति उपभोक्ताओं का मोह भी भंग हो रहा है।
ग्रामीण क्षेत्र में भी परेशानी
शहरी क्षेत्र में बीएसएनएल के उपभोक्ता अन्य निजी कंपनियों के मुकाबले कहीं अधिक होना पाया गया है। इसलिए दस दिन से छाई अव्यवस्था के कारण शहरी क्षेत्र के अधिक नागरिकों को बीएसएनएल की सेवा ठप होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है। बताया गया कि इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र गोरबी, परसौना व अन्य ग्रामीण उपभोक्ता भी इस समस्या का शिकार हैं।
केबल कट जाने से समस्या
बताया गया कि शहरी क्षेत्र में तथा आसपास के कुछ अन्य ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों या नेशनल हाइवे के निर्माण कार्य के चलते पिछले दिनों में कई जगह पर बीएसएनएल की केबल कट जाने की घटना हुई है। इस संबंध में जिला मुख्यालय बैढन मेें बीएसएनएल के उप मंडल अभियंता कार्यालय को भी शिकायत मिली मगर व्यवस्था मेंंं सुधार नहीं हो पाया। बीएसएनएल कार्यालय के स्थानीय अधिकारी सूत्रों ने बताया कि जिले में कंपनी की लाइनों की मरम्मत के ठेकेदार की ओर से कुछ माह से काम नहीं किया जा रहा। इसका कारण इस फर्म को बीएसएनएल के भोपाल कार्यालय से पुराने बिल का भुगतान नहीं होना बताया गया। इस कारण संबंधित ठेकेदार की ओर से बीएसएनएल की खराब या क्षतिग्रस्त केबल या लाइनों की मरम्मत का काम लगभग एक-डेढ़ माह से अघोषित तौर पर बंद कर दिया गया है। इसके चलते ही शहरी व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में ठप हो गई लाइनों का सुधार नहीं हो पा रहा जबकि इस अव्यवस्था से हजारों उपभोक्ता परेशानी का शिकार हैं।

चितरंगी में बीएसएनएल की 3जी सेवा शुरू
जिले के चितरंगी तहसील में सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल ने 3जी सेवा शुरू की है। चितरंगी के उपभोक्ताओं को लगभग तीन वर्ष से 3जी सेवा का इंतजार था। यह सेवा शुरू होने पर समाजसेवी अंबिकेश प्रताप सिंह, छोटे सरकार, विष्णु बहादुर सिंह चन्देल, अरुण कुमार सिंह चंदेल, संकठासिंह चौहान, शिवेंद्र सिंह चन्देल, धीरेंद्र सिंह चन्देल, अंकित सिंह चन्देल, अतुलसिंह सोमवंशी व अन्य ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताई है।
वहां यह सेवा शुरू करने में बीएसएनएल जबलपुर जोन के जोनल महाप्रबंधक अरविन्दसिंह राजपूत, सिंगरौली जिले के उप महाप्रबंधक आरएल दास, एसडीओ आरके सोनी, जेटीओ तनवीर अहमद सिद्दीकी व ऑपरेटर दिनेश्वर भगत ने विशेष प्रयास किए। बीएसएनएल सिंगरौली के एसडीओ आरके सोनी ने बताया कि ३जी सेवा शुरू होने से चितरंगी के उपभोक्ताओं को इंटरनेट की अच्छी स्पीड मिलेगी। मोबाइल इंटरनेट की धीमी स्पीड से परेशान चितरंगी के उपभोक्ता बीएसएनएल की इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल जल्द चितरंगी में 4जी सेवा भी शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल ग्राम धवई, सकरिया, बूडाडोल, खुरमुचा, घोघरा, लमसरई, लोहदा, सूदा व बगदरा गांवों में भी जल्द मोबाइल सेवा शुरू करेगा।