सिंगरौली

पापा को क्या हुआ! 6 माह की मासूम बेटी को मालूम ही नहीं, सिंगरौली में छिन गईं खुशियां

Tipper Driver News Singrauli : बेसुध हुई पत्नी, सिंगरौली के बदिझिरिया गांव में धमाके से टिपर चालक की मौत, भतीजा भी घायल
2 min read
singrauli
singrauli news- सिंगरौली में पति की मौत पर बेसुध हुई पत्नी- image credit - facebook Santosh Dubey

Tipper Driver News Singrauli : मध्यप्रदेश के सिंगरौली के बदिझिरिया गांव में सोमवार को सुबह से ही पुलिस की टीम तहकीकात में जुटी है। यहां देर रात हादसे में 24 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई थी जबकि 2 अन्य लोग घायल हो गए थे। पता चला है कि टिपर में धमाका हो गया जिससे ड्राइवर की सांसें थम गईं। उनके परिजन अभी अस्पताल में हैं। उनका रो रोकर बुरा हाल हो चुका है। मृतक की बेटी महज 6 माह की है, उसे तो पापा के साथ हुए हादसे का भान ही नहीं है।

बरगवां पुलिस ने बताया कि VRCC के लिए कोल डिस्पैच करने वाले अनिल साहू की धमाके में मौत हो गई। रविवार रात यह दुर्घटना घटी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर आई। हालांकि इससे पहले ही अनिल साहू और दोनों घायलों को बैढ़न जिला अस्पताल भेजा जा चुका था।

सोमवार सुबह थाना प्रभारी अनिल पटेल ने जांच शुरु की। उन्होंने घटनास्थल पर जाकर हादसे के संबंध में लोगों से पूछताछ की।

अस्पताल में अनिल साहू के परिजन एकत्रित

इधर अस्पताल में अनिल साहू के परिजन एकत्रित हैं। वे मूलत: पचौर के रहने वाले थे। परिवार में अनिल सबसे छोटे थे। सूचना के बाद ही मां पिता, भाई और बहन के आंसू थम नहीं रहे हैं। अनिल साहू की पत्नी तो बेसुध सी हो चुकी हैं। उनकी शादी को केवल दो साल हुए थे। अनिल साहू की एक बेटी आराध्या है जोकि महज 6 माह की है। वह अपने प्यारे पापा के उठने और प्यार करने के लिए एकटक देखी जा रही है।

टिपर चलाकर परिवार पालते थे अनिल साहू

परिजनों और रिश्तेदारों ने बताया कि अनिल साहू के पिता और भाई मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं। हादसे में उनके रिश्ते का भतीजा विजय साहू (17) भी घायल हुआ है। अनिल साहू VRCC कंपनी के लिए कोल डिस्पैच करने वाला टिपर चलाकर परिवार पालते थे।

परिजनों की शिकायत के आधार पर करेंगे आगे की कार्रवाई: बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल

सोमवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि परिजनों की ओर से शिकायत के आधार पर हम आगे की कार्रवाई करेंगे। पुलिस हादसे के कारणों के साथ ही पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।

Updated on:
14 Sept 2026 02:56 pm
Published on:
14 Sept 2026 01:47 pm