
2 Bike Collision In Revdar Sirohi: राजस्थान के सिरोही जिले के रेवदर क्षेत्र में बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के पास नेशनल हाईवे पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसा ट्रेलर, लोडिंग टेंपो और दो मोटरसाइकिलों के बीच भिड़ंत के बाद हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नागाणी-रेवदर मार्ग पर बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के पास नेशनल हाईवे से वाहन गुजर रहे थे। इसी दौरान ट्रेलर, लोडिंग टेंपो और 2 मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार लोग सड़क पर गिर गए। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है और 1 युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रेवदर थाने से एएसआई गणेश राम पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से हादसे में घायल युवक को बाहर निकाला। इसके बाद मृतकों और घायल को रेवदर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए यातायात को सुचारु करवाया।
(खबर अपडेट की जा रही है।)