
मृतका श्रद्धा (पत्रिका फोटो)
Bapu Bazaar Udaipur Clinic Incident: उदयपुर के बापू बाजार स्थित डॉ. बख्तावरलाल क्लिनिक में इलाज के दौरान एक 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान रामपुरा अम्बाबाड़ी निवासी श्रद्धा पत्नी हरीश तेली के रूप में हुई है। घटना से गुस्साए परिजनों ने बुधवार सुबह क्लिनिक के बाहर जमकर हंगामा किया और क्लिनिक का बोर्ड तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, श्रद्धा को केवल पेट दर्द की शिकायत थी और घर से निकलते समय उसकी हालत पूरी तरह सामान्य थी। क्लिनिक में डॉक्टर ने जांच के बाद उसे ग्लूकोज की ड्रिप चढ़ाई और उसमें एक दवा का इंजेक्शन मिला दिया। इसके तुरंत बाद श्रद्धा की तबीयत बिगड़ने लगी और वह छटपटाते हुए बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद ससुर ने जब डॉक्टर से सवाल किया, तो वह कोई जवाब नहीं दे सका।
तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर डॉक्टर ने एंबुलेंस मंगवाकर महिला को एक अन्य निजी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर दोबारा क्लिनिक पहुंच गए। पति हरीश तेली ने बताया कि डॉक्टर ने परामर्श पर्ची पर पहले 'जागृति हॉस्पिटल' रेफर करने की बात लिखी थी, जिसे बाद में काट दिया गया। परिजनों का आरोप है कि महिला को किसी निजी अस्पताल के बजाय उदयपुर के सरकारी एमबी हॉस्पिटल भेजा जाना चाहिए था।
विवाद बढ़ता देख आरोपी डॉक्टर क्लिनिक बंद करके मौके से भाग गया। परिजनों ने क्लिनिक को तुरंत सील करने, संबंधित डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की। परिजन मांगें पूरी होने तक शव उठाने से इनकार कर रहे थे और क्लिनिक के बाहर लगभग डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा।
सूचना मिलते ही डीएसपी छवि शर्मा और सूरजपोल थानाधिकारी सूर्यभान सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को मोर्चरी पहुंचाया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
12 Aug 2026 10:00 pm
Published on:
12 Aug 2026 10:00 pm
