सिरोही

माउंट आबू में भालुओं का उत्पात, घरों की छत, दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर घुसे, खाद्य सामग्री चट कर गए

Mount Abu Bear Attack: माउंट आबू के पास शेरगांव में भालुओं के झुंड ने घरों में घुसकर तोड़फोड़ मचाई और खाद्य सामग्री को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है और वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर सुरक्षा की मांग तेज हो गई है।
2 min read
May 06, 2026
Mount Abu Bear Attack
घर में बिखरा हुआ सामान। फोटो- पत्रिका

सिरोही। पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू से करीब 30 किलोमीटर दूर बीहड़ वन क्षेत्र में स्थित शेरगांव में भालुओं के झुंड ने घरों में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। भालुओं ने केलूपोश छतों, दरवाजों और खिड़कियों को तोड़कर घरों में प्रवेश किया और खाद्य सामग्री को चट कर दिया। साथ ही कच्चे मकानों में तोड़फोड़ कर ग्रामीणों को भारी नुकसान पहुंचाया।

यह वीडियो भी देखें

जानकारी के अनुसार माउंट आबू के बीहड़ वन क्षेत्र में बसे शेरगांव निवासी सूरज सिंह के घर में भालुओं ने दरवाजा, खिड़कियां और केलूपोश छत तोड़कर प्रवेश किया। घर के भीतर रखी खाद्य सामग्री जैसे घी, दूध, आटा, गुड़ और शक्कर को खा गए। इसके अलावा घर पर लगी सोलर प्लेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। भालुओं ने मिट्टी के बर्तन और अनाज रखने की कोटिड़ा को भी तोड़ डाला, जिससे परिवार को काफी नुकसान हुआ।

घर का तोड़ा दरवाजा

इसके बाद भालुओं का झुंड भगवान सिंह के घर में भी घुस गया। वहां भी दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान बिखेर दिया। बर्तनों में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। दोनों ही घटनाओं के समय परिवार के सदस्य खेत में बने दूसरे मकान में सो रहे थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सुबह जब परिवार के लोग घर लौटे तो बिखरे सामान और टूट-फूट देखकर वे हैरान रह गए।

ग्रामीणों में दहशत

इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में वन्यजीवों का मूवमेंट पहले भी रहता था, लेकिन इस तरह घरों में घुसकर नुकसान पहुंचाने की घटनाएं कम देखने को मिलती थीं। शेरगांव माउंट आबू के बीहड़ जंगलों के बीच बसा हुआ है, जहां जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में ग्रामीणों को हर समय खतरे का अंदेशा रहता है।

पुख्ता इंतजाम करने की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल गांव के लोग रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं और घरों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।

Published on:
06 May 2026 03:38 pm