
सिरोही. नगर परिषद के बाहर चार सूत्री मांगों को लेकर १८ दिन से चल रहा वाल्मीकि समाज का धरना बुधवार को लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। दोपहर बाद सफाईकर्मी काम पर लौट आए। सवेरे शहर में सफाई नहीं होने से जगह-जगह नालियों का पानी फैल रहा था तथा कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे थे। आंदोलन के कारण तीन दिन शहर में सफाई व्यवस्था ठप रही।
धरना स्थल पर सभापति ताराराम माली वाल्मीकि समाज के लोगों से समझाइश करने में लगे थे, उधर, सरजावाव दरवाजे के बाहर नालियों का गंदा पानी फैलने से व्यापारियों व लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिया लिखित मेंं
आयुक्त प्रहलाद राय वर्मा ने तीन मांगों पर लिखित में दिया। इनमें सरकार के आदेशानुसार कार्मिक से पद के अनुरूप सफाई का कार्य ही करवाने, अनुभव प्रमाण पत्र की जांच रिपोर्ट एक माह में देने तथा सूचना के अधिकार में मांगी जानकारी शीघ्र देना शामिल हैं। सभापति ने धरना स्थल पर इसकी जानकारी दी तो धरना समाप्त किया गया। इस दौरान उप सभापति धनपतसिंह राठौड़, एक्सईएन दिलीप माथुर, राजस्व अधिकारी सुरेश जीनगर, मगन मीणा, जितेन्द्र खत्री आदि मौजूद थे। उधर, व्यापार महासंघ अध्यक्ष हंजारीमल छीपा ने भी सफाई कर्मियों की वाजिब मांगें नगर परिषद एवं जिला प्रशासन तक पहुंचाने की बात कही थी। इस संबंध में वाल्मीकि समाज ने उनसे सम्पर्क किया था। यह जानकारी प्रवक्ता अंकुर रावल ने दी।
आतिशबाजी की
सभी नए भर्ती कर्मचारियों से सफाई अनिवार्य करने पर आतिशबाजी की गई।वाल्मीकि समाज के लोगों ने बताया कि आदेश के बाद सभी को शहर की सडक़ें तथा नालियां साफ करनी होंगी। जिला मुख्यालय पर ४९ जनों को नई भर्ती में लिया है।
बिजली बंद रहेगी
आबूरोड. डिस्कॉम की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत लाइनों के रखरखाव व मरम्मत कार्य के चलते शनिवार सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। एईएन अबरार अहमद के अनुसार मरम्मत कार्य के चलते निचलागढ़, देलदर, डेरना, कारौली, मूंगथला, आमथला, मुदरला, आवल, चनार, गिरवर, बहादुरपुरा, महीखेड़ा, मावल की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।