सिरोही

आई जोरदार आवाज, आंख खुली तो देखा मंजर

टोल प्लाजा के पास बस दुर्घटना

3 min read
Jul 09, 2018
sirohi

सिरोही. बस गड्ढे में गिरी तब बस सवार लगभग सभी महिलाएं गहरी नींद में थी। वे दिनभर पीएम की सभा में थकी होने से अब जल्द ही घर पहुंचने की आस में आराम से सो रही थी। अचानक धड़ाम से आवाज आई और नींद खुली तो रात के अंधेरे में खुद को मौत के करीब देखा। चारों तरफ से बंद बस में चीख-पुकार गूंज उठी। बस गड्ढ़े में गिरने से कई महिलाएं गंभीर घायल हो गई तो उठ नहीं पाई। लेकिन जिन्हें कम चोट आई वे भी निकलने का रास्ता खोजने को लेकर बेबस दिखी। उथमण टोल प्लाजा के पास बस गड्ढे में गिरने से घायल महिलाओं को सिरोही सामान्य चिकित्सालय के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
बस में सवार लाभार्थी महिला आशा पत्नी रेवाराम ने उपचार के दौरान बताया कि ‘दिनभर की थकान के चलते हम सो गए। ऐसे में हम गहरी नींद में सो रहे थे। लेकिन एकदम धड़ाम से आवाज सुनकर नींद टूट गई। आंख खुली तो देखा सभी महिलाएं रो-चिल्ला रही थी। वहीं बस में अफरा-तफरी दिखी और मेरे हाथ से खून निकल रहा था। हम बस में करीब ६१ जने सवार थे, लेकिन हर कोई चीख-पुकार रहा था। इसके बाद जैसे-तैसे करके बस से बाहर निकले।’ गंगा देवी ने बताया कि बस में सभी एक ही गांव की महिलाएंं सवार थी। चालक बस को धीरे चलाता तो हादसा नहीं होता। हमें तो भगवान ने बचाया है।
समाजसेवियों ने भी की मदद
घायलों के चाय-नाश्ता व्यवस्था को लेकर समाजसेवी दौड़-धूप करते नजर आए। इतना ही नहीं समाजसेवियों ने घायलों के उपचार को लेकर भी सहयोग किया। समाजसेवी प्रकाश प्रजापति, महिपालसिंह चारण, जबरसिंह समेत कई लोग चिकित्सालय पहुंचे।
चिकित्सकों की टीम ने संभाली व्यवस्था
हादसे के बाद घायलों को जब ट्रोमा सेंटर लाया गया तो पर्याप्त बेड तक नहीं मिल पाए। ऐसे में एक बेड पर दो-दो घायलों का इलाज करना पड़ा। वहीं पहले से ही भर्ती मरीजों को बाहर बैंच पर लेटाकर उपचार जारी रखना पड़ा। वहीं कई मरीजों को फर्श तथा ट्रोमा सेंटर के बाहर ही लेटाकर उपचार किया गया।हालांकि, सूचना मिलते ही चिकित्सकों व नर्सिंगकर्मियों की टीम तुरंत ट्रोमा सेंटर पहुंच गई। वहीं घायलों को उपचार शुरू किया गया।
महिला बोली- चालक की लापरवाही...
बस में सवार भूला निवासी कंकू ने बताया कि मैं चालक के पीछे वाली सीट पर बैठी थी। चालक बस को तेज गति से चला रहा था। ऐसे में चालक की लापरवाही से हादसे हुआ। बस में सवार कई महिलाओं का कहना है कि चालक नशे था। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इस सम्बंध में कोई पुष्टि नहीं की है।
भीड़ जुटाने का दबाव ऐसा कि गर्भवती को भी ले गए
पीएम की सभा में भीड़ जुटाने को लेकर प्रशासन पर इतना दबाव था कि गर्भवती महिला तक को साथ ले गए। ऐसे में हादसे में भूला के खादराफली निवासी एक करीब आठ माह की गर्भवती महिला के भी सिर में चोटें आई। इधर, सामान्य चिकित्सालय के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निहालसिंह मीणा का कहना है कि गर्भवती महिला की जांच की गई। जिसका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया।
फोन का सम्पर्क टूटा तो पिण्डवाड़ा एसडीएम पहुंचे सिरोही
हादसे की सूचना मिलने पर पिण्डवाड़ा एसडीएम पर्वतसिंह चूण्डावत ने सीएमएचओ को फोन कर अस्पताल में व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। लेकिन इस दौरान पिण्डवाड़ा में मोबाइल का नेटवर्क बंद हो गया और एसडीएम किसी से सम्पर्क नहीं कर पाए। ऐसे में खुद पिण्डवाड़ा से सिरोही पहुंचे।
भगवान का शुक्रिया बचा लिया...
हादसे में घायल भूला निवासी मोणी गरासिया ने बताया कि मैं नींद में थी। धमाके से आंख खुली तो बस गड्ढ़े में दिखी। ऐसे में खुद को बचाने के लिए सीट के पीछे सिर को रख दिया, लेकिन सिर में चोट लग गई। भगवान का शुक्रिया, हमें बचा लिया। हादसे में घायल भूला निवासी चम्पा गरासिया ने बताया कि चोट लगने से चल नहीं पा रही हूं। यह तो भगवान का शुक्रिया, कि हमारी जिंदगी बच गई। अगर कुछ हो जाता तो मेरे चार बच्चों का क्या होता।
कुछ पता नहीं...
बस में सवार भूला निवासी रेखा गरासिया ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, कुछ पता नहीं चला। मेरे हाथ व पीठ पर चोटें आई। दर्द से बैठना मुश्किल हो रहा है। भूरीदेवी गमेती ने बताया कि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अब हादसे में घायल हो गई। ऐसे में मजदूरी करने कैसे जा पाऊंगी।
इनको आई चोटें
बस गड्ढे में गिरने से पोजानाडी निवासी धरमी पत्नी उदाराम, भूला निवासी मिरकी पत्नी राधाराम, सकू पत्नी हिन्दूराम, हीरी देवी पत्नी मेआराम, आशा पत्नी रेवाराम, सीता पत्नी रामाराम, कंकू पत्नी हिमताराम, सोधरी पत्नी नौमाराम, सोमी पत्नी लालाराम समेत ४९ जनों के चोटें आई। जिन्हें सिरोही ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
चिकित्सालय पहुंचा प्रशासनिक अमला
लाभार्थियों की बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हडक़म्प मच गया। जिला कलक्टर बाबूलाल मीणा, अतिरिक्त जिला आशाराम डूडी, सीएमएचओ डॉ. एसके परमार, पीएमओ डॉ. दर्शन ग्रोवर, कोतवाली थाना प्रभारी आनंद कुमार, नगर परिषद सभापति ताराराम माली, भाजपा जिलाध्यक्ष लुम्बाराम चौधरी भी सामान्य चिकित्सालय पहुंचे। चिकित्सालय में घायलों के उपचार को लेकर चिकित्सकों की टीम ने व्यवस्था संभाली।
विपक्ष के नेता भी पहुंचे
हादसे की सूचना के बाद विपक्ष के नेता भी चिकित्सालय पहुंच गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जीवाराम आर्य, पूर्व विधायक संयम लोढा ने चिकित्सालय पहुंचकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी।

ये भी पढ़ें

जन संवाद से लौट रही बस खाई में गिरी
Published on:
09 Jul 2018 02:48 pm
Also Read
View All