सिरोही

Goa CM Rajasthan Visit: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत माउंट आबू पहुंचे, ‘राजनीतिज्ञ सम्मेलन’ का करेंगे उद्घाटन

गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत शुक्रवार रात दो दिवसीय दौरे पर माउंट आबू स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान के ज्ञान सरोवर अकादमी परिसर पहुंचे। उनके आगमन पर जिला प्रशासन और ब्रह्माकुमारी संस्थान के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सीएम शनिवार को ब्रह्माकुमारी संस्थान के राजनीतिक सेवा प्रभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राजनीतिज्ञ सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
2 min read
Jul 10, 2026
Goa CM Pramod Sawant
Sirohi: ज्ञान सरोवर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत का स्वागत करते पदाधिकारी। (फोटो-पत्रिका)

सिरोही। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत शुक्रवार रात दो दिवसीय दौरे पर राजस्थान के पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू पहुंचे। यहां ब्रह्माकुमारी संस्थान के ज्ञान सरोवर अकादमी परिसर में उनके आगमन पर जिला प्रशासन और संस्थान के पदाधिकारियों ने पारंपरिक स्वागत किया। मुख्यमंत्री शनिवार को ब्रह्माकुमारी संस्थान के राजनीतिक सेवा प्रभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 'राजनीतिज्ञ सम्मेलन' का उद्घाटन करेंगे, जिसमें देशभर से करीब 400 जनप्रतिनिधि और राजनेता भाग ले रहे हैं।

डॉ. प्रमोद सावंत शुक्रवार शाम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट (डबोक) पहुंचे, जहां से सड़क मार्ग से माउंट आबू के लिए रवाना हुए। ज्ञान सरोवर परिसर पहुंचने पर जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, उपखंड अधिकारी डॉ. अंशु प्रिया तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान के अतिरिक्त महासचिव डॉ. प्रताप मिड्ढा, राजनीतिक सेवा प्रभाग की प्रभारी बीके उषा, बीके सपना सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान पुलिस के जवानों ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।

संगठन की संयुक्त मुख्य प्रशासिका सुदेश दीदी से चर्चा करते मुख्यमंत्री सावंत। (फोटो-पत्रिका)

सीएम को कार्यक्रमों की दी गई जानकारी

स्वागत समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारी संस्थान की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी सुदेश दीदी से शिष्टाचार भेंट कर संस्थान की विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा की। संस्थान की ओर से उन्हें सम्मेलन की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।

सीएम करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन

शनिवार को ज्ञान सरोवर परिसर में आयोजित होने वाले राजनीतिज्ञ सम्मेलन का उद्घाटन डॉ. सावंत करेंगे। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और सार्वजनिक जीवन से जुड़े करीब 400 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य राजनीति और प्रशासन में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक नेतृत्व, सुशासन और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देना बताया गया है।

यह वीडियो भी देखें :

इन विषयों पर होगा मंथन

ब्रह्माकुमारी संस्थान समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन आयोजित करता रहा है। राजनीतिक सेवा प्रभाग का यह सम्मेलन भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधियों के बीच मूल्य आधारित नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर मंथन होगा।

सड़क मार्ग से जाएंगे उदयपुर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सम्मेलन में भाग लेने और संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे माउंट आबू से सड़क मार्ग द्वारा उदयपुर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद डबोक एयरपोर्ट से शाम को मुंबई के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और ज्ञान सरोवर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Updated on:
10 Jul 2026 10:14 pm
Published on:
10 Jul 2026 10:14 pm