
सिरोही। जिलेभर में एक घंटे झमाझम बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। पर्यटन स्थल माउंट आबू में बादलों की तेज गड़गड़ाहट और आंधी के बीच हुई झमाझम बारिश से क्षेत्र में मानो मानसून का आगाज हो गया। तेज बारिश से पहाड़ों पर झरने गतिमान हो गए। पानी की आवक से क्षेत्र में कई छोटे एनीकट भर गए। नक्की झील में भी करीब एक फीट पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
गुरुवार सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटों में 82 मिलीमीटर यानी सवा तीन इंच बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
करीब दो घंटे तक लगातार हुई बारिश से लंबे समय से सूखे पड़े नदी-नालों में पानी बहने लगा। आबूरोड-माउंट आबू सड़क मार्ग के दोनों ओर झरने बह निकले, जो सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे। बारिश के बाद पहाड़ियों से उतरता पानी तेज बहाव के साथ नालों के जरिए जल स्रोतों तक पहुंचता रहा। नक्की झील क्षेत्र और आसपास हरियाली का नजारा भी निखर उठा। बारिश के बाद गुरुवार सुबह वदियों में घनी धुंध छाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिरोही में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक घंटे झमाझम बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में सिरोही शहर में 30 एमएम बारिश दर्ज की गई।
जिला मुख्यालय पर गुरुवार को तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले 8 जून को तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे आमजन भीषण गर्मी से बेहाल हो गए थे। आंधी-बारिश के बाद तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि दोपहर में उमस से लोगों को परेशानी हुई।
मौसम विभाग ने गुरुवार को जारी अलर्ट में आगामी चार दिन तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा तक रहने का अनुमान है।