सिरोही

माउंट आबू हुआ ‘आबूराज’ : सीएम भजनलाल ने सिरोही जिले को दी 74 करोड़ से अधिक की सौगात

राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू का नाम अब आबूराज कर दिया गया है। इसको लेकर शनिवार को आयोजित धन्यवाद सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि माउंट का नाम आबूराज करना- जनता की आस्था, विरासत और संस्कृति का सम्मान है। इस दौरान उन्होंने सिरोही जिले को 74 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात दी।

2 min read
Jun 20, 2026
CM bhajanlal Sharma sirohi
CM Bhajan Lal Sharma: धन्यवाद सभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

सिरोही। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि माउंट आबू को फिर से आबूराज का नाम दिया जाना न केवल सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करना है, अपितु जनता की आस्था को सम्मान देने के साथ सांस्कृतिक चेतना को फिर से प्रशस्त किया गया है। वे शनिवार को अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान माउंट आबू के पोलो ग्राउंड में माउंट आबू का नाम आबूराज करने को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से आयोजित धन्यवाद सभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम सुमेरपुर से हेलीकॉप्टर से शाम को 6.53 बजे पोलोग्राउंड मैदान पहुंचे।

गिरिराज सेवा संस्थान आबूराज के तत्वावधान में यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आबूराज पुरातन ऋषि, महर्षियों की तपस्थली रही है। गुलामी के दौर में देश के पौराणिक नामों को मिटाने के जो कुत्सित प्रयास किए गए थे, उन्हें समाप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पुरातन व सांस्कृतिक विरासत को फिर से जीवित करने का भगीरथ कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में माउंट आबू को भी फिर से आबूराज नाम दिया गया है।

41 विकास कार्यों का किया शिलान्यास

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 74 करोड़ से अधिक लागत के 41 से अधिक विकास कार्यों का वर्चुअल शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि सिरोही जिले में 41 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है। इससे यहां के युवाओं को रोजगार के व्यापक तौर पर नए अवसर प्राप्त होंगे। इस मौके राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि माउंट आबू के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही निर्माण सामग्री परिवहन करने की अहम समस्या टोकन सिस्टम को समाप्त कर दिया जाएगा। जिसकी औपचारिक रूप से रविवार को होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री घोषणा करेंगे।

विधायक समाराम ने सीएम को दिया धन्यवाद

क्षेत्रीय विधायक समाराम गरासिया ने मुख्यमंत्री की ओर से चंपा गुफा, कमला नेहरू गार्डन पार्क, संत सरोवर, मंदाकिनी कुंड, पोलोग्राउंड, सालगांव बांध व भालू सरंक्षण समेत विभिन्न विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए जो बजट पारित किया है, उसके लिए मुख्यमंत्री की सराहना की।

कार्यक्रम में ये लोग हुए शामिल

इस मौके भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, जिला प्रभारी मंत्री केके विश्नोई, सांसद लुंबाराम चौधरी, पोकरण विधायक प्रतापपुरी, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, विधायक समाराम गरासिया, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी समेत भाजपा पदाधिकारी व अधिकारी मौजूद रहे।

Updated on:
20 Jun 2026 10:42 pm
Published on:
20 Jun 2026 10:24 pm