सिरोही

Rajasthan: 12 फीट के अजगर और चंदन गोह के बीच हुई भिड़ंत, लोगों की भीड़ हुई जमा, देखें VIDEO

माउंट आबू में एक अजगर और चन्दन गोह के बीच संघर्ष का मामला सामने आया। सूचना पर पहुंचे स्नेक कैचर और वन विभाग की टीम ने दोनों का रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।
2 min read
Jul 02, 2026
Mount Abu News
रेस्क्यू करती टीम। फोटो- पत्रिका

सिरोही। पर्यटन स्थल माउंट आबू में बेहद रोमांचक और दुर्लभ वन्यजीव घटना देखने को मिली। पिलग्रिम रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय के सामने नाले के पास करीब 12 फीट लंबे अजगर और बड़े आकार की चन्दन गोह आमने-सामने भिड़ गए। दोनों एक-दूसरे को शिकार बनाने की कोशिश में लंबे समय तक संघर्ष करते रहे, जिसे देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर ने चन्दन गोह को अपने मजबूत शिकंजे में कस रखा था, जबकि चन्दन गोह ने भी अजगर के मुंह को मजबूती से दबोच लिया।

यह वीडियो भी देखें

दोनों की पकड़ इतनी मजबूत थी कि कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं था। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर कमलेश राणा और अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद पहले चन्दन गोह को अजगर के शिकंजे से छुड़ाया, फिर बड़ी सावधानी से अजगर का मुंह भी चन्दन गोह की पकड़ से मुक्त कराया। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी गजेंद्र सिंह देवड़ा, मोहन राम और सरूपाजी भी मौके पर पहुंचे। वन विभाग की निगरानी में दोनों वन्यजीवों को रेस्क्यू कर जंगल में अलग-अलग स्थानों पर छोड़ दिया। इस दुर्लभ घटनाक्रम ने मौके पर मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया।

भालू ने चट किया था दूध और दही

गौरतलब है कि इससे पहले माउंट आबू में एक दुकान में घुस गया और फ्रिज का ताला तोड़कर उसमें रखे दूध व दही को चट करने के बाद बाहर गली में भाग गया। भालू के दुकान में घुसकर दूध पीने और फिर बाहर गली की तरफ दौड़ने का वायरल वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया था। यह घटना माउंट आबू की पुरानी सब्जी मंडी रामलीला रंगमंच के समीप एक व्यवसायिक प्रतिष्ठान की बताई जा रही है।

प्रतिष्ठान संचालक भीमसिंह देवडा ने बताया कि भालू तीन दिन से निरंतर उनकी दुकान में आ रहा है। पहले दिन वह एक मंझे हुए आदतन अपराधी की भांति चक्कर लगाकर रेकी करके चला गया। दूसरे दिन फिर से दुकान पर चक्कर लगाकर चला गया। फिर तीसरे दिन सीधे ही दुकान में घुसकर काउंटर पर चढ़ा और फ्रिज का ताला तोड़कर फ्रिज में रखे 6-6 किलो के दो पाउच में से एक पाउच दूध पूरा गटक गया। वहीं एक अन्य दुकान से भालू ने 12 किलो दही चट कर लिया।

Published on:
02 Jul 2026 09:42 pm