सिरोही

Rajasthan Weather: माउंट आबू में जोरदार गर्जना के साथ हुई झमाझम बारिश, ओले भी गिरे

पर्यटन स्थल माउंट आबू की हसीन वादियों में बार-बार बदल रहे मौसमी मिजाज के चलते बादलों की जोरदार गर्जना के साथ झमाझम बारिश हुई।
2 min read
May 12, 2025
weather-news-1

माउंट आबू। पर्यटन स्थल माउंट आबू की हसीन वादियों में बार-बार बदल रहे मौसमी मिजाज के चलते रविवार को दोपहर में बादलों की जोरदार गर्जना के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश के साथ ओले भी पड़े। सडक़ों व सूखे पड़े नालों में तीव्र वेग से पानी बहा। अचानक आई इस बारिश से दर्शनीय स्थलों का दीदार करने आए पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

देश-विदेश से आए पर्यटक सवेरे खुशनुमा मौसम के बीच सडक़ों व बाजारों में चहलकदमी करते हुए खुश नजर आए। आसमान में बादलों के छाए रहने से भ्रमणकारियों ने वातावरण में घुली ठंडक के बीच क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भ्रमण करते हुए मौसम का आनंद लिया। दोपहर बारह बजे बाद हल्की बारिश शुरू हुई, जो धीरे-धीरे तेज होती गई। जिसके चलते सडक़ों पर पानी बहने लगा। बारिश के साथ ओले भी गिरे।

अचानक आई इस बारिश से सैलानियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश से बचने की जुगत में पर्यटकों ने लोगों के घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दर्शनीय स्थलों का सहारा लिया। कभी हल्की कभी तेज बारिश के चलते मौसम में ठंडक बनी रही। डेढ़ बजे बादलों व धूप के बीच आंख मिचौनी का खेल आरंभ हो गया।

न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस

सवेरे आठ बजे तक बीते 24 घंटों में 4.2 मिलीमीटर बारिश हुई। यहां अब तक कुल 72.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। तापमापी के पारे में आए उछाल के चलते अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के बीच गुरुशिखर, पीस पार्क, अचलगढ़, देलवाडा, संत सरोवर, अधर देवी, शंकर मठ, यूनिवर्सल पीस हॉल ओम शांति भवन, अनादरा प्वाइंट, गणेश मंदिर, टॉड रॉक, भारत माता नमन स्थल, सनसेट मार्ग स्थित आध्यात्मिक संग्रहालय का दीदार करते हुए सैलानियों ने पर्यटन यात्रा के हसीन लहों को कैमरे में कैद किया।


यह भी पढ़ें