
राजस्थान के सिरोही जिले की रेवदर पंचायत समिति में बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा के सामने अब प्रधान पद के चयन की चुनौती खड़ी हो गई है। प्रधान पद अनारक्षित होने से दावेदारों की संख्या बढ़ गई है। राजनीतिक गलियारों में भाजपा के तीन से चार प्रमुख चेहरों के नाम चर्चा में हैं। ऐसे में बहुमत का आंकड़ा होने के बावजूद पार्टी के लिए प्रधान का चयन आसान नजर नहीं आ रहा है। दूसरी ओर, भाजपा के भीतर संभावित खींचतान को देखते हुए कांग्रेस भी राजनीतिक समीकरणों पर नजर बनाए हुए है।
खास बात यह है कि टिकट वितरण के दौरान जिन उम्मीदवारों को लेकर पार्टी के भीतर विरोध की चर्चाएं थीं, वे भी चुनाव जीतकर पंचायत समिति पहुंचे हैं। अब इनमें से कुछ चेहरे प्रधान पद की दावेदारी में भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में भाजपा के सामने सभी विजयी सदस्यों को साथ लेकर चलने और संगठन में एकजुटता बनाए रखने की चुनौती है।
राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार गुलाबगंज से गणपत सिंह देवड़ा, हरणी-अमरापुर से प्रकाश रावल, जीरावल क्षेत्र से जुड़े दावेदारों और दांतराई से दक्षा देवड़ा सहित कुछ नाम की चर्चा है। दांतराई में दक्षा देवड़ा को चुनाव के दौरान विरोध का सामना करने की चर्चाएं थीं, लेकिन जीत के बाद उनका नाम भी प्रधान पद की दौड़ में शामिल बताया जा रहा है। वहीं सिरोड़ी से भाजपा की विजयी उम्मीदवार अनीता कुंवर पिथापुरा को भी दावेदार माना जा रहा है। इन चेहरों के समर्थक अपने-अपने स्तर पर राजनीतिक समीकरण साधने में जुटे हैं।
प्रधान पद अनारक्षित होने से किसी वर्ग विशेष के लिए दावेदारी सीमित नहीं है। ऐसे में पार्टी के कई विजयी सदस्य इस पद के लिए अपनी संभावनाएं तलाश रहे हैं। भाजपा के सामने क्षेत्रीय संतुलन, सदस्यों का समर्थन और संगठन की सहमति जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर निर्णय करने की चुनौती है। तीन से चार दावेदारों के बीच सहमति बनाने के लिए पार्टी नेतृत्व को मशक्कत करनी पड़ सकती है।
भाजपा में प्रधान पद को लेकर संभावित असहमति के बीच कांग्रेस भी राजनीतिक संभावनाएं तलाश रही है। कांग्रेस नेताओं की नजर भाजपा के विजयी पंचायत समिति सदस्यों के साथ निर्दलीयों के रुख पर है। यदि दावेदारी को लेकर भाजपा में मतभेद बढ़ते हैं तो कांग्रेस समीकरण बदलने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने से कांग्रेस के लिए राह आसान नहीं होगी।
रेवदर पंचायत समिति में बहुमत भाजपा के पास है, लेकिन प्रधान पद का चेहरा तय होना बाकी है। कई दावेदारों के नाम, समर्थकों के अलग-अलग समीकरण और कांग्रेस की रणनीतिक नजरों के बीच आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। अब निगाहें भाजपा नेतृत्व के निर्णय पर टिकी हैं कि किस चेहरे पर सहमति बनती है।