
सिरोही। जिले के आबूरोड रीको थाना पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पुणे से जोधपुर की ओर जा रही एक ट्रैवल्स बस से बड़ी मात्रा में सोना-चांदी के जेवरात जब्त किए हैं। जब्त किए गए इन जेवरात की कीमत करीब चार करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
आबूरोड रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इसी अभियान के तहत रीको थाना पुलिस की एक गठित टीम मावल चौकी के सामने वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुणे से जोधपुर की ओर आ रही ट्रैवल्स बस को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई । बस में सवार तीन यात्रियों के पास अलग-अलग बैगों में बिना बिल और दस्तावेज के भारी मात्रा में जेवरात मिले।
पुलिस ने बताया कि बरलूट थाना क्षेत्र निवासी रमेश कुमार के बैग से 1.350 किलोग्राम सोने और 300 ग्राम चांदी के आभूषण, पालड़ी एम थाना क्षेत्र निवासी गजेंद्र सिंह के बैग से 890 ग्राम सोने के आभूषण तथा चंदूलाल के बैग से 571.5 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 2.800 किलोग्राम सोना और 800 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपए बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और जेवरात को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि जेवरात बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किए जा रहे थे, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
थानाधिकारी ने बताया कि एएसआई भवानी सिंह ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम के साथ त्वरित कार्रवाई की। बस को रुकवाकर तलाशी लेने के दौरान बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद करने में सफलता मिली। पुलिस अब आभूषणों के स्रोत, उनके परिवहन के उद्देश्य और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। वहीं तीनों युवकों से लगातार पूछताछ जारी है। कार्रवाई टीम में एएसआई भवानी सिंह, कांस्टेबल प्रकाश, मालदेव, प्रवीण सिंह और दिलीप सिंह शामिल थे।