सिरोही

Sirohi News: यात्रियों को राहत; रोडवेज को मिली 5 नई बसों की सौगात, इन रूटों पर फिर दौड़ेंगी बसें

Rajasthan Roadways Bus Update : लंबे समय से बसों की कमी से जूझ रहे सिरोही रोडवेज आगार को पांच नई बसों की सौगात मिली है, जिससे यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी। बसों का जयपुर मुख्यालय से आवंटन हो चुका है और एक-दो दिन में सिरोही आगार पहुंच जाएंगी।

2 min read
Mar 23, 2026
रोडवेज को मिली 5 नई बसों की सौगात। फोटो पत्रिका

सिरोही। लंबे समय से बसों की कमी से जूझ रहे सिरोही रोडवेज आगार को पांच नई बसों की सौगात मिली है, जिससे यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी। बसों का जयपुर मुख्यालय से आवंटन हो चुका है और एक-दो दिन में सिरोही आगार पहुंच जाएंगी। इसके बाद रूट निर्धारित कर संचालन शुरू किया जाएगा।

नई बसों के आने से जिले में लंबे समय से बंद पड़े कई रूटों पर फिर से रोडवेज बस सेवा शुरू होगी। वर्तमान में आगार में 36 बसें संचालित हैं, जो बढ़कर 41 हो जाएंगी। इसके अलावा अगले महीने सात और बसें मिलने की उम्मीद है, जिससे परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी। बसों की कमी के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोग निजी वाहनों पर निर्भर थे और अधिक किराया देने को मजबूर थे। नई बसों के संचालन से यह समस्या काफी हद तक दूर होगी और यात्रियों को सस्ती व सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी।

ये भी पढ़ें

New Roadways Bus: 1 अप्रेल से राजस्थान की सड़कों पर दौड़ेगी रोडवेज की नई बसें, इन लंबे रूट पर होगा संचालन?

वर्तमान में 35 रूट संचालित

सिरोही आगार से वर्तमान में 35 रूट संचालित हो रहे हैं। नई बसों के आने पर बंद पड़े रूटों पर फिर से परिवहन सुविधा शुरू करने की योजना है। इससे उन क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी, जहां बस सेवा ठप होने से आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। बसों की संख्या बढ़ने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीण यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी। खासकर दूरदराज के गांवों से जिला मुख्यालय तक आने-जाने वाले लोगों को अब नियमित बस सेवा उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को आवाजाही में अधिक सुविधा मिलेगी और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क और मजबूत होगा।

इन रूटों पर दौड़ेंगी नई बसें

यह नई बसें जोधपुर, रेवदर, भीनमाल, सांचौर रूट पर संचालित की जाएगी। लम्बे समय से सिरोही आगार में रोडवेज बसों की कमी होने से यात्रियों को मजबूरन निजी वाहनों में अधिक पैसे देकर सफर तय करना पड़ता था, लेकिन अब रोडवेज की सेवाओं से उन्हें सस्ती और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। नई बसों के संचालन के बाद आगार की बसें प्रतिदिन करीब 20 हजार किलोमीटर का सफर तय करेंगी।

आबूरोड को 11 अनुबंधित बसें आवंटित

उधर, आबूरोड रोडवेज आगार के मुख्य प्रबंधक प्रवेश बोराणा ने बताया कि आबूरोड को 11 नई अनुबंधित बसें आवंटित की गई हैं। हालांकि ये बसें अभी तक आगार को प्राप्त नहीं हुई हैं, लेकिन अगले लॉट में मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नई बसों के आने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और आगार की सेवाओं में मजबूती आएगी।

फैक्ट फाइल

-सिरोही रोडवेज डिपो में कुल बसें 36
-सिरोही रोडवेज डिपो में 35 रूट संचालित
-प्रतिदिन करीब 14 हजार किलोमीटर का सफर तय करती हैं आगार की बसें

इनका कहना है

सिरोही आगार को पांच नई बसें मिल गई हैं, अब कई रूटों के ग्रामीणों को आवाजाही में राहत मिलेगी। लंबे समय से बंद पड़े कई रूटों पर बसों का संचालन शुरू होगा। अगले महीने सात और नई बसें आगार को मिलने की उम्मीद है।
यशवंत राज, मुख्य प्रबंधक, रोडवेज आगार, सिरोही

Published on:
23 Mar 2026 07:05 pm
Also Read
View All

अगली खबर