
दो ट्रकों में आमने-सामने हुई भीषण टक्कर। फोटो पत्रिका
Sirohi Road Accident : सिरोही के पिंडवाड़ा-ब्यावर हाईवे पर शुक्रवार को सानवाड़ा के पास दो ट्रकों में आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में चालक की मौत हो गई, जबकि तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ब्यावर निवासी चालक सुल्तान पुत्र सदाजी मेवात की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार कागज के रोल से भरा ट्रक सिरोही की तरफ से आबूरोड की तरफ जा रहा था। यहां सनवाड़ा के पास ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे दाल से भरे ट्रक से भिड़न्त हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक ब्यावर निवासी सुल्तान की मौत हो गई और तीन व्यक्ति गंभीर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने ट्रकों में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पिंडवाड़ा थानाधिकारी महेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल फलोदी निवासी गोपाल, शिवलाल व इमरान मेवात को एम्बुलेंस से सिरोही जिला अस्पताल भेजा, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाने के प्रयास शुरू किए।
थानाधिकारी महेंद्र कुमार व पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारू कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
Updated on:
20 Mar 2026 08:37 pm
Published on:
20 Mar 2026 08:37 pm
