
Sirohi Kendriya Vidyalaya (Patrika Photo)
Kendriya Vidyalaya Sirohi: सरकार की ओर से सिरोही में खोले गए केंद्रीय विद्यालय का इसी सत्र से संचालन शुरू होगा। केंद्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय विद्यालय सिरोही में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है।
प्रथम सत्र में विद्यालय में बाल वाटिका 1, 2, 3, कक्षा 1 और कक्षा 2 से 5 तक बच्चों को प्रवेश दिए जाएंगे। सिरोही में केन्द्रीय विद्यालय में प्रथम सत्र में प्रवेश की प्रकिया शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। अभी विद्यालय का संचालन पैलेस रोड पर महात्मा गांधी पुराना भवन स्कूल परिसर के 12 कमरों में होगा।
प्रथम सत्र में बाल वाटिका से 5वीं कक्षा तक बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा, जिसमें बाल वाटिका से कक्षा 1 तक ऑनलाइन और कक्षा 2 से 5 तक ऑफलाइन प्रवेश दिए जाएंगे। प्राचार्य अब्दुल हसीब खान ने बताया कि बाल वाटिका 1, 2, 3 एवं कक्षा 1 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार से प्रातः 10 बजे से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा।
अभिभावक आवेदन के लिए वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं। इन कक्षाओं के लिए अधिक आवेदन आने पर लॉटरी निकाली जाएगी। वहीं, कक्षा 2 से 5 तक प्रवेश के लिए ऑफलाइन पंजीकरण होगा। प्रवेश आवेदन पत्र विद्यालय से नि:शुल्क प्राप्त कर 2 अप्रेल शाम 4 बजे तक जमा करा सकते हैं। पंजीकृत विद्यार्थियों की चयन सूची विद्यालय की वेबसाइट व सूचना पट्ट पर प्रदर्शित होगी।
बाल वाटिका 1 में प्रवेश के लिए आयु 3-4 वर्ष, बाल वाटिका-2 में 4 से 5 वर्ष, बाल वाटिका-3 में 5 से 6 वर्ष तथा कक्षा I में 6 से 8 वर्ष निर्धारित की गई है। इसी प्रकार कक्षा 2 से 5 तक क्रमशः 7 से 12 वर्ष तक की आयु सीमा तय की गई है।
प्रवेश में केंद्रीय व राज्य सरकार के कर्मचारियों, भूतपूर्व सैनिकों तथा स्वायत्त निकायों में कार्यरत कार्मिकों के बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा नए प्रवेशों में अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7.5 प्रतिशत तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमीलेयर) के लिए 27 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 3 प्रतिशत सीटें सुरक्षित होंगी।
प्रवेश के समय जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र/आधार कार्ड, पासपोर्ट फोटो, जाति प्रमाण पत्र, सेवा प्रमाण पत्र, टीसी (कक्षा 2 से 5 के लिए) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। विद्यालय प्राचार्य एच के खान ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीकरण कराकर अपने बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण करें।
विद्यालय में फिलहाल प्राचार्य और दो शिक्षक नियुक्त किए हैं। जबकि बच्चों के प्रवेश के बाद और शिक्षक लगाए जाएंगे। कुछ स्टाफ संविदा पर भी भर्ती किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 अप्रेल से कक्षाएं शुरू होंगी।
सिरोही में खुले केन्द्रीय विद्यालय में प्रवेश प्रकिया आज से शुरू हो गई है। बाल वाटिका से कक्षा 1 तक ऑनलाइन और कक्षा 2 से 5 तक ऑफलाइन प्रवेश दिए जाएंगे।
-अब्दुल हसीब खान, प्राचार्य, केन्द्रीय विद्यालय, सिरोही
Published on:
20 Mar 2026 02:33 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
