
सिरोही। राजस्थान के सिरोही जिले में मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। दिन में तेज धूप और गर्मी से लोग परेशान हैं। वहीं रात होते ही तापमान गिरने से ठंडक बढ़ रही है। शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री दर्ज किया गया। इस तरह दिन और रात के तापमान में 19.9 डिग्री का बड़ा अंतर रहा। मौसम के इस दोहरे मिजाज के बीच मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ने की आशंका है।
जिले में पिछले कुछ दिनों से दिन और रात के मौसम में साफ अंतर महसूस किया जा रहा है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री तक पहुंचने से दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। इस दौरान लोगों को पंखे और कूलर का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, सूरज ढलने के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगता है। रात करीब 10 बजे के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंडक महसूस होने लगती है। अलसुबह भी हल्की सर्दी का अहसास हो रहा है। ऐसे में लोगों को दिन में गर्मी और रात में ठंड से बचाव के लिए अपनी दिनचर्या में बदलाव करना पड़ रहा है।
चिकित्सकों के मुताबिक, दिन और रात के तापमान में करीब 20 डिग्री का अंतर स्वास्थ्य के लिहाज से ठीक नहीं है। मौसम में बदलाव के दौरान सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल बुखार और गले में संक्रमण जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं। बच्चों और बुजुर्गों के साथ दमा से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि सुबह और शाम ठंडी हवा के सीधे संपर्क में आने से बचें। मौसम के अनुरूप कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। गर्म वातावरण से अचानक ठंडे माहौल में जाने से भी बचना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
जिले के मौसम में चल रहे बड़े उलटफेर के बीच बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग की तरफ से जारी बुलेटिन में आगामी दिनों में जिले में मौसम खराब होने के संकेत नहीं है। मौजूदा समय में प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 19 अक्टूबर से पूरे प्रदेश का मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा।