सिरोही

Weather Report : ठंड से कांपा राजस्थान का ये शहर, माइनस में पहुंचा पारा, ये है मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी

Weather Report : पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में मौसम में भारी फेरबदल होने से भीषण ठंड से जनजीवन खासा प्रभावित रहा।
2 min read
• •
Updated: 4 Mar 2024, 11:06 AM IST
temperature_reaches_minus_in_mount_abu.jpg

weather report : पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में मौसम में भारी फेरबदल होने से भीषण ठंड से जनजीवन खासा प्रभावित रहा। 21 दिन बाद न्यूनतम तापमान में यकायक नौ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से तापमापी का पारा (-1) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अब 4 से 5 दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।

रविवार को हुई थी बारिश
रविवार सवेरे आठ बजे तक बीते 24 घंटों में छह मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सर्दी के प्रकोप से बचाव को लेकर लोग सवेरे देर तक रजाइयों में दुबके रहे। सूरज उगने के बाद ही लोगों की दिनचर्या आरंभ हुई। अलसुबह बादल छाए रहे। बादलों के बीच से निकलते सूरज की धूप सेंकने को लोग सड़कों के किनारे, घरों की छतों पर खड़े देखे गए। हवा चलने से कहीं भी बर्फ जमी हुई नहीं देखी गई। एक बार फिर हाड कंपकंपा देने वाली ठंड से दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करने आए देशी-विदेशी सैलानियों व स्थानीय लोगों को भारी भरकम गर्म कपड़ों का सहारा लेने को विवश होना पड़ा। पूर्वाह्न तक आसमान साफ रहने से धूप तो निकली, लेकिन ठंडी हवाओं ने धूप सेंकने का मजा किरकिरा कर दिया।

सर्दी से बचाव के लिए लिया अलाव का सहारा
सर्दी से बचने की जुगत में लोग चाय की चुस्कियों के साथ अलाव तापते नजर आए। आर्थिक रूप से कमजोर तबके के लोग दांत किटकिटा देने वाली सर्दी से खासे परेशान रहे। दोपहर के बाद फिर से आसमान में बादलों का आवागमन होने से धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल आरंभ हो गया। जिससे एक बार फिर सर्द हवाओं के प्रभाव से लोगों को सर्दी से निजात पाने की जुगत में चाय की थडियों पर अदरक की चाय का स्वाद लेते हुए देखा गया। तापमापी के पारे में बार-बार अप्रत्याशित परिवर्तन के चलते सर्दी, बुखार, जुकाम, खांसी आदि मौसमी व्याधियों से भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Published on: