उत्तर प्रदेश के में पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि एक ही घर में 30 सेकेंड के अंदर दो जिंदगियां खत्म हो गईं। तीसरा भाई जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
सीतापुर के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर गांव में पारिवारिक विवाद में मंझले भाई ने अपने बड़े भाई और भाभी की चाकू मारकर हत्या कर दी। छोटे भाई पर भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नैमिषारण्य लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दंपती को मृत घोषित कर दिया। घायल छोटे भाई को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में एम्बुलेंस खड़ी होने के बावजूद दूसरी एम्बुलेंस मंगाने को कहा गया, जिसे आने में करीब 50 मिनट लग गए।
ठाकुरनगर निवासी श्यामू नशे का आदी है। नशे में अक्सर वह परिवार में झगड़ा करता है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम परिवार के लोग साथ बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान मंझले भाई श्यामू और बड़े भाई हरीश के बीच कहासुनी हो गई।
कहासुनी कुछ ही पलों में मारपीट में बदल गई… और फिर शुरू हुआ मौत का वह आधा मिनट, जिसने पूरा परिवार खत्म कर दिया।बताया जा रहा है कि गुस्से में श्यामू ने पास रखा चाकू उठा लिया और बड़े भाई हरीश पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। पेट और शरीर के कई हिस्सों पर वार होते ही हरीश जमीन पर गिर पड़े।चीख पुकार पर हरीश की पत्नी पूनम (38) पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। खून से लथपथ होकर पूनम गिर पड़ी। शोर सुनकर हरीश का सबसे छोटा भाई रामू ने अपने बड़े भाई श्यामू को रोकने का प्रयास किया तो उसने रामू पर भी चाकू से वार कर दिया।
परिजनों ने सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान हरीश और पूनम की मौत हो गई। रामू को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।