यूपी के सीतापुर में सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के नेतृत्व में सपा के कार्यकर्ताओं ने उग्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया
सीतापुर. यूपी के सीतापुर में सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के नेतृत्व में सपा के कार्यकर्ताओं ने उग्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने रोड जाम कर सीएम योगी का पुतला फूंका और सीएम योगी व पीएम मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाए। दरअसल यह प्रदर्शन एक सरकारी विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती और बच्चों के दाखिले न होने के कारण किया गया।
सीतापुर शहर के लालबाग चौराहे पर आज एक जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसमें पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षकों की तैनाती व बच्चों के दाखिला ना होने को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला ।
यह भी पढ़ें- Big Breaking- भाजपा कि इस बड़ी मंत्री ने अखिलेश यादव पर दिया बड़ा बयान, मुलायम को लेकर भी कह दी चौंकाने वाली बात
पूर्व विधायक ने कहा कि सपा की सरकार में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बनकर तैयार हुआ था। उसके बाद से योगी सरकार आने के बाद अभी तक इस विद्यालय में किसी भी शिक्षक की तैनाती नहीं की गई। इस बात की कई बार प्रशासन से शिकायत भी की गई है लेकिन सुनवाई ना होने के कारण सपा कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। सरकार द्वारा सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूल चलो अभियान सरकार की तरफ से चलाया जा रहा है लेकिन इमलिया सुल्तानपुर में बने इस राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की अनदेखी की जा रही है। इस मौके पर सपा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी और सीएम योगी का पुतला फूंका। साथ ही सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी करते हुए अखिलेश सरकार के काम काज के आधार पर ही काम करने का आरोप भी लगे।