
Sitapur Crime News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने गांव वालों को हैरान कर दिया है। आमतौर पर चोर घर में घुसकर नकदी, जेवर या कीमती सामान लेकर फरार होते हैं, लेकिन यहां बदमाशों ने इन चीजों के साथ 30 किलो चीनी भी चोरी कर ली। घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव के मजरा कोरिया की है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, वारदात दो दिन पहले रात के समय हुई। परिवार के सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर किसी तरह मकान में दाखिल हो गए और घर में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया।
चोरों ने सबसे पहले घर में रखे जेवर पर हाथ साफ किया। परिवार के मुताबिक, बदमाश चांदी की पायल और अन्य चांदी के आभूषणों के अलावा सोने के एक जोड़ी कुंडल लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा हुआ देखकर उन्हें चोरी का पता चला। सामान की जांच की गई तो जेवर के साथ घर में रखी करीब 30 किलो चीनी भी गायब मिली। परिवार ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
इस घटना की सबसे ज्यादा चर्चा चीनी चोरी को लेकर हो रही है। ग्रामीणों के लिए यह इसलिए भी हैरानी की बात है क्योंकि चोर आमतौर पर ऐसी चीजें साथ ले जाते हैं जिन्हें आसानी से बेचकर पैसा मिल सके। लेकिन इस वारदात में बदमाशों ने घर में रखी बड़ी मात्रा में चीनी भी नहीं छोड़ी। पीड़ित चंद्रपाल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ इमलिया सुल्तानपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस फिलहाल चोरों की पहचान करने में जुटी है। आसपास के इलाके में संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और चोरी से जुड़े सुराग तलाशे जा रहे हैं। 30 किलो चीनी चोरी किए जाने की वजह फिलहाल साफ नहीं है। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इसे चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन पुलिस की जांच पूरी होने से पहले चोरी की इस वजह की पुष्टि नहीं की जा सकती। फिलहाल जेवर और घरेलू सामान के साथ 30 किलो चीनी की चोरी पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान और चोरी के पीछे की वजह जांच आगे बढ़ने के बाद ही स्पष्ट होगी।