सिवान

बाहुबली शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा पर 10 दिन में दूसरी FIR; पहले चंदन सिंह, अब गोरखपुर के डॉक्टर ने लगाए गंभीर आरोप

पूर्व बाहुबली सांसद शहाबुद्दीन के निधन के बाद उनके बेटे और RJD विधायक ओसामा शहाब अब उनके ही नक्शेकदम पर चलते नजर आ रहे हैं। महज 10 दिनों के भीतर ही सीवान जिले के अलग-अलग पुलिस थानों में ओसामा के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं।

2 min read
Apr 16, 2026
Shahabuddin son RJD MLA Osama shahab
बाहुबली शहाबुद्दीन के बेटे और राजद विधायक ओसामा शहाब (फोटो- फ़ेसबुक)

बिहार के सीवान के पूर्व बाहुबली सांसद दिवंगत मोहम्मद शहाबुद्दीन की विरासत एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गई है। शहाबुद्दीन के बेटे और रघुनाथपुर से RJD विधायक ओसामा शहाब के खिलाफ महज 10 दिनों के भीतर दूसरी गंभीर FIR दर्ज की गई है। इस बार उन पर उत्तर प्रदेश के एक डॉक्टर दंपति की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

डॉक्टर दंपति को मिली धमकी

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी डॉ. विनय सिंह और उनकी पत्नी डॉ. सुधा सिंह ने सीवान पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। डॉक्टर दंपति का आरोप है कि सीवान के जुनापुर गांव में बाईपास सड़क के किनारे उनकी एक कीमती जमीन है। जैसे ही उन्होंने इस जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किया, उन्हें कथित तौर पर विधायक ओसामा शहाब के इशारे पर काम कर रहे गुंडों का सामना करना पड़ा। आरोप है कि विधायक के गुंडों ने जबरदस्ती चल रहे निर्माण कार्य को रोक दिया और मौके पर मौजूद मजदूरों के साथ मारपीट की।

अपनी औपचारिक शिकायत में पीड़ित डॉक्टर ने कहा, 'हमें धमकी दी गई और कहा गया कि हम यह जमीन विधायक ओसामा शहाब के हवाले कर दें और गोरखपुर लौट जाएं, वरना गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। जमीन पर काम कर रहे मजदूरों के साथ मारपीट की गई और विधायक के रसूख और ताकत का इस्तेमाल करके धमकाया गया।' इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीवान पुलिस ने ओसामा शहाब, फरहान, साबिर और 30 से 35 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है।

10 दिन पहले: चंदन सिंह की हत्या की साजिश रचने का आरोप

5 अप्रैल को भी ओसामा के खिलाफ एक FIR दर्ज की गई थी। वह घटना सीवान के सेमरी गांव में एक ऑटो-रिक्शा और एक स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर के बाद भड़की हिंसक झड़प से जुड़ी थी। उस मामले में स्थानीय बाहुबली चंदन सिंह ने ओसामा शहाब और उसके करीबी सहयोगी डब्लू खान पर अपनी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। उस घटना के दौरान, मौके पर मौजूद पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया था, जिसके बाद ओसामा सहित कई व्यक्तियों के खिलाफ तीन अलग-अलग FIR दर्ज की गई थीं।

शहाबुद्दीन की परछाई में ओसामा

ओसामा शाहब रघुनाथपुर से तेजस्वी यादव की पार्टी RJD के विधायक हैं। उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। हालांकि, पिता शहाबुद्दीन के खौफनाक इतिहास और अब खुद ओसामा पर लग रहे आरोपों ने उनकी छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ओसामा के पिता मोहम्मद शहाबुद्दीन बिहार के सबसे बड़े बाहुबलियों से एक थे और उनका दो दशकों तक सीवान में आतंक रहा था।

मोहम्मद शहाबुद्दीन पर हत्या और अपहरण से लेकर रंगदारी मांगने तक के दर्जनों मामले दर्ज थे। 2021 में तिहाड़ जेल में उनकी मृत्यु के बाद, ओसामा ने अपने पिता की राजनीतिक विरासत संभाली, लेकिन बार-बार आपराधिक मामलों में नाम आने से अब उन पर भी पिता जैसी बाहुबली छवि का ठप्पा लगने लगा है।

Published on:
16 Apr 2026 07:36 pm