सोनभद्र

सोनभद्र में पुलिस संग मुठभेड़ में एमपी के दो लुटेरे गिरफ्तार, कारोबारी से की थी ज्वेलरी और कैश की लूट, एक के पैर में लगी गोली

Robbers Arrested in Sonbhadra। Sonbhadra police arrested criminals in encounter : सोनभद्र जिले की पुलिस ने बदमाशों संग हुई मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है..
3 min read
Jul 25, 2026
Sonbhadra crime news
Pc-Patrika

Encounter In Sonbhadra Jungle:सोनभद्र जिले की पुलिस ने बदमाशों संग हुई मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, अपने साथी को घायल होता देख दूसरे आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सोनभद्र पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 18 जुलाई की शाम एक कारोबारी से सोने-चांदी के गहने और 40 हजार रुपयों की लूट की थी। पकड़े गए दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।

जानकारी के मुताबिक, बभनी थाना अध्यक्ष दिन्नू प्रसाद म्योरपुर थाना अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के साथ शीशटोला जंगल में संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग अभियान में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर की ओर से एक बाइक पर सवार होकर दो संदिग्ध आ रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल तेज कर दी और मगरमाड़ तिराहे की ओर भागने लगे।

एक आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली

इसी दौरान पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो तिराहे से 100 मीटर पहले ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। बाइक गिरने के बाद दोनों आरोपी झाड़ियों की तरफ भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान एक आरोपी ने अवैध असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। वहीं, पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में सिंगरौली मध्य प्रदेश का रहने वाला रमेश साकेत पुलिस की गोली से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। वहीं, अपने साथी को गिरता देख सिंगरौली मध्य प्रदेश के रहने वाले मनोज साकेत ने तुरंत ही सरेंडर कर दिया।

तमंचा व कारतूस बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कहा कि 18 जुलाई की शाम उन्होंने ही सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि इस घटना में कुल चार लोग शामिल थे। मनोज साकेत द्वारा की गई इस लूट में चारों को 10-10 हजार रुपए का हिस्सा मिला था।

फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित

पुलिस ने बताया है कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए मनोज साकेत के ऊपर 13 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रमेश साकेत के ऊपर भी एक मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुछ अहम जानकारियां भी दी हैं, जिसके बाद उनके साथियों की तलाश के लिए टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने बताया है कि जल्दी ही इस मामले में फरार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
25 Jul 2026 11:55 am
Published on:
25 Jul 2026 11:55 am