
राजेंद्र सिंह जादौन की रिपोर्ट...
(हरियाणा): पाकिस्तान की ओर बह जाने वाले रावी-ब्यास नदियों का पानी रोकने के मुद्दे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पंजाब के जवाब से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में केन्द्रीय जल आयोग को ही कदम आगे बढाने को कहा जाएगा।
पाकिस्तान जाने से रोकना चाहिए पानी
मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोनीपत में लघु सचिवालय में नवनिर्मित सरल केन्द्र के उदघाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान में जा रहे नदी जल को रोकने के संबंध में पंजाब के मुख्यमंत्री का उन्हें पत्र मिला है जिसमें उन्होंने कहा कि इस बारे में व्यवहार्यता रिपोर्ट नहीं मिल रही है, लेकिन मुझे लगता है कि यह बात ठीक नहीं हैं। अब हम केन्द्रीय जल आयोग से कदम आगे बढाने के लिए कहेंगे। इस मुद्दे पर आयोग ने पहले से ही निर्णय लिया हुआ है कि इस पानी को रोकना चाहिए। उन्होंने कहा कि डैम बनाकर इस पानी को पाकिस्तान जाने से रोकना चाहिए तथा यह पानी अपने प्रदेशों में उपयोग किया जाना चाहिए। चाहे फिर यह पानी पंजाब, हरियाणा या किसी को भी मिले।
सीएम का 9वां रोड शो
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सोनीपत में आज उनका यह 9वां रोड-शो है और इससे पहले वह आठ स्थानों पर रोड-शो कर चुके हैं तथा इसके साथ-साथ गांवों में वे सीधा संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनीपत के साथ-साथ राज्य के 22 जिलों में भी समान विकास करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा 4900 घोषणाएं की गई हैं, जिसमें से 3350 पूर्ण हो चुकी है या उन पर कार्य चल रहा है।
सोनीपतवासियों को दिए यह उपहार
रोड-शो की शुरुआत से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोनीपतवासियों को महत्वपूर्ण तोहफे प्रदान किये। उन्होंने 52 करोड़ 23 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को लोकार्पित किया। साथ ही खेवड़ा गांव में 14 करोड़ 24 लाख रुपए की लागत से बनाई जाने वाले राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस रोड शो का आगामी चुनाव से कोई सम्बन्ध नहीं है। यह पांच साल चलने वाला जनसम्पर्क है।