खास खबर

Rajasthan Bulldozer Action: राजस्थान में हिस्ट्रीशीटर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, कई और बदमाश रडार पर

Bikaner Bulldozer Action: राजस्थान के बीकानेर में कानून व्यवस्था और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए एक हिस्ट्रीशीटर के घर के आगे बने अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया।

2 min read
Apr 18, 2026
हिस्ट्रीशीटर के घर के आगे बने अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर। फोटो: पत्रिका

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर में कानून व्यवस्था और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए एक हिस्ट्रीशीटर के घर के आगे बने अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया। मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से न सिर्फ रास्ता खुला, बल्कि क्षेत्रवासियों को लंबे समय बाद राहत मिली।

मोहल्लेवासियों की लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया। लोगों का कहना था कि अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा हो गया था और आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा का कहना है कि अभी कई और ​​बदमाशों पर जल्द ही बड़ा एक्शन लिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अतिक्रमण करने वाले बदमाशों में खलबली मची हुई है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan News: राजस्थान में एक साल तक नहीं होंगे 1.60 लाख कर्मचारियों के ट्रांसफर, जानें बड़ी वजह

प्रशासन का सख्त संदेश

प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध और अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

भारी पुलिस जाब्ते के बीच कार्रवाई

मुक्ताप्रसाद नगर थानाधिकारी विजेंद्र सिला के अनुसार, जिला प्रशासन से सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। इसके बाद सीओ सिटी अनुज डाल के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया।

ये अधिकारी मौके पर रहे मौजूद

इस कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी अनुज डाल, थानाधिकारी बिजेंद्र शीला सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, बीडीए के तहसीलदार महेंद्र सिंह रत्नु मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे।

गंभीर मामले दर्ज हैं हिस्ट्रीशीटर पर

पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर सीताराम पुत्र रामकिशन के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित करीब 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। एक मामले में उसे धारा 302 के तहत सजा भी हो चुकी है, जबकि अन्य मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।

कई और चिन्हित हैं, जल्द कार्रवाई

बदमाशों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन मिलकर कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। हिस्ट्रीशीटर सीताराम के घर के आगे किए गए अतिक्रमण को हटवाया है। कई और बदमाश चिन्हित हैं, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई जल्द होगी।
-मृदुल कच्छावा, पुलिस अधीक्षक

ये भी पढ़ें

राजस्थान में MLA के व्यवहार से आहत डॉक्टर का इस्तीफा, बोले-गालियां सुनने के लिए पद ग्रहण नहीं किया
Also Read
View All