जालोर

किसानों को बड़ा दर्द दे गया पश्चिमी विक्षोभ, जीरे की फसल पर मंडराए संकट बादल

रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश से कटी हुई फसलों में नुकसान होने के संभावना के चलते किसानों में चिंता है।

2 min read
Feb 06, 2024

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद मौसम में आए बदलाव के बीच हुई बारिश ने किसानों की परेशानी को बढ़ाया। लगातार तीसरे दिन आसमान में बादलों की आवाजाही रही। वहीं सवेरे बूंदाबांदी भी हुई। हवा चलने से मौसम में ठंडक घुली। इस बदलाव से मुख्य रूप से जीरे की फसल में कीट का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। सोमवार को दिन के तापमान में 0.4 डिग्री का इजाफा हुआ। तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व रविवार को दिन का तापमान 26 डिग्री रहा। वहीं रविवार रात के तापमान 0.5 डिग्री तक कमी आई। तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को रात का तापमान 18.3 डिग्री था।

मावठ से फसलों में नुकसान का अंदेशा
कस्बे समेत क्षेत्रभर में रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश से कटी हुई फसलों में नुकसान होने के संभावना के चलते किसानों में चिंता है। भंवरानी, सांडन, आइपुरा, नोसरा, सराणा सहित आस पास के अन्य गांवों में किसान निराश है।

जीरे की फसल पर भी संकट
भीनमाल में बीते तीन दिन आसमान में बादल छाए रहने व बूंदाबांदी होने से बदले मौसम ने किसानों को दगा दे दिया। ग्रामीण क्षेत्र में बोई जीरे की फसल से किसानों को नुकसान हुआ है। जीरे में झुलसा रोग प्रकोप हो गया है। ऐसे में जीरे की फसल सूख रही है। किसानों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में इसका प्रभाव और बढ़ेगा। जेरण के किसान नरपतसिंह ने बताया कि तीन दिन तक आसमान में बादल छाए रहने व बूंदाबांदी होने से जीरे में झुलसा रोग का प्रकोप लग गया है। खेतों की खड़ी जीरे की फसल सूख कर नष्ट हो रही है। ऐेसें में किसानों के सपने मिट्टी में मिल रहे है।

अब आसमान साफ रहेगा
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के साथ अब आसमान साफ हो जाएगा। मंगलवार को धूप मिली रहने के साथ तापमान सामान्य रहने का अनुमान है। कृषि मौसम विशेषज्ञ आनंद कुमार शर्मा के अनुसार अब दिन का तापमान 26 से 29 डिग्री और रात का तापमान 10 से 13 डिग्री रहने की संभावना है।

Published on:
06 Feb 2024 01:27 pm
Also Read
View All

अगली खबर