खास खबर

अगर आपके पास भी है ड्राइविंग लाइसेंस तो आप हैं लकी, मिलेगा दुनिया घूमने का मौका

आप अपने ड्राइविंग लाइसेंस से किन-किन देशों में गाड़ी चला सकते हैं और उन देशों में भारत में बने ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर कैसे नियम बनाए गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 27 Feb 2018, 1:47 PM IST
licence

नई दिल्ली। आप भारत में रहते हैं और आपके पास भारत के किसी भी राज्य का ड्राइविंग लाइसेंस है तो समझिए आपकी मौज है। हालांकि आप ये बात मुश्किल ही जानते होंगे कि आप अपने ड्राइविंग लाइसेंस के ज़रिए विश्व के अनेक देशों में गाड़ी चला सकते हैं। लेकिन अलग-अलग देशों में इसके लिए अलग-अलग नियम और कानून भी बनाए गए हैं। चलिए जानते हैं आप अपने ड्राइविंग लाइसेंस से किन-किन देशों में गाड़ी चला सकते हैं और उन देशों में भारत में बने ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर कैसे नियम बनाए गए हैं।

सबसे पहले तो आपको ये बता दें कि आप अपने लाइसेंस से दुनियाभर के 7 देशों में ड्राइव कर सकते हैं। बता दें कि आप अपने ड्राइविंग लाइसेंस से ऑस्ट्रेलिया की सड़कों पर भी फर्राटा भर सकते हैं। न्यू साउथ वेल्स, क्वीन्सलैंड, दक्षिण ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलिया के राजधानी क्षेत्रों में भी गाड़ी ड्राइव कर सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के बाद आप स्विट्जरलैंड में भी लॉन्ग ड्राइव का मज़ा ले सकते हैं। लेकिन ध्यान रहे कि भारत के ड्राइविंग लाइसेंस स्विट्ज़रलैंड में केवल एक साल के लिए ही मान्य होता है।

अगर आप कभी घूमने के लिए जर्मनी जा रहे हैं तो आप वहां भी अपने ड्राइविंग लाइसेंस का पूरा फायदा उठा सकते हैं। आप जर्मनी की सड़कों पर भी अपने ड्राइविंग लाइसेंस के ज़रिए मज़े कूट सकते हैं। इसके अलावा आप साउथ अफ्रीका में भी 1 साल के लिए गाड़ी चला सकते हैं। लेकिन यहां गाड़ी चलाने के लिए आपके ड्राइविंग लाइसेंस की भाषा अंग्रेज़ी में होनी चाहिए, इसके साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस पर आपकी फोटो और हस्ताक्षर भी होने चाहिए।

नॉर्वे में आप भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस के साथ 3 महीने तक मौज काट सकते हैं। अगर आप 3 महीने के बाद भी अपने ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल कर रहे हैं तो ये कानूनन ज़ुर्म माना जाएगा और आप पर कार्रवाई भी की जा सकती है। इंग्लैंड में भी आप अपने ड्राइविंग लाइसेंस के साथ एक साल तक ड्राइव कर सकते हैं। लेकिन इंग्लैंड के नियमों के मुताबिक आप यहां केवल हैचबैक गाड़ियां और दो-पहिया वाहन ही चला सकते हैं। और आखिर में आप अपने ड्राइविंग लाइसेंस का फायदा विश्व के सबसे ताकतवर देश अमेरिका में भी 1 साल तक उठा सकते हैं। लेकिन अमेरिका में केवल अंग्रेज़ी भाषा में बने ड्राइविंग लाइसेंस ही मान्य हैं।

Published on: