जयपुर

Rajasthan Weather: गर्मी पर ‘ब्रेक’, बारिश और ओलों से पारा धड़ाम, अप्रेल में हीटवेव से राहत, मौसम रहेगा कूल-कूल

Rajasthan Weather Update: उत्तर-पश्चिम राजस्थान और आस-पास क्षेत्र में सोमवार को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के अधिकांश जिलों में अचानक मौसम बदल गया। वहीं मौसम विभाग ने आगामी अप्रेल माह में हीटवेव से बड़ी राहत ​मिलने की संभावना जताई है।

3 min read
Mar 31, 2026
जोधपुर के बालेसर में ओलावृष्टि, पत्रिका फोटो

Rajasthan Weather Update: उत्तर-पश्चिम राजस्थान और आस-पास क्षेत्र में सोमवार को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के अधिकांश जिलों में अचानक मौसम बदल गया। वहीं मौसम विभाग ने आगामी अप्रेल माह में हीटवेव से बड़ी राहत ​मिलने की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस बार अप्रैल का महीना कूल-कूल रहने वाला है। मौसम विभाग (आइएमडी) के मुताबिक अप्रैल के अंत तक हीट वैव जैसे हालात नहीं होंगे। क्योंकि इस बार अभी ऐसे कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जो अप्रैल में पारे को बढ़ने से रोकेंगे।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: क्रिकेट पर सियासत का कब्जा; Bat और Ball से ज्यादा Power Play, जिला संघों में नेता पुत्रों का दबदबा

6 जिलों में मौसम का पलटवार

दक्षिण-पूर्वी जिले कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, झालावाड़, बारां सहित अलवर और सीकर में दोपहर बाद तेज अंधड़ के बाद बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। वहीं पश्चिमी जिलों बीकानेर और जोधपुर में बारिश के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में ओले गिरने के भी समाचार है। अंधड़ की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे रही। अन्य शहरों में भी इसका असर देखा गया और गर्मी से राहत मिली है।

जोधपुर के बालेसर और भीलवाड़ा के कोटड़ा क्षेत्र के चावण्डिया सुलिया आमदला गांव में 50 ग्राम से 100 ग्राम तक के ओले गिरने के समाचार है। मौसम के इस बदलाव के कारण बीते एक दिन में अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार उत्तर-पश्चिम राजस्थान और आस-पास चक्रवाती परिसंचरण तंत्र बना हुआ है जिसके असर से बारिश व ओलावृष्टि हुई है।

आज आंधी और बारिश की संभावना

जयपुर में मंगलवार को सामान्य रूप से बादल छाने, तेज रफ्तार हवा (30-40 किमी/घंटे) के साथ बारिश की संभावना है। सोमवार को विभिन्न जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के असर से राजधानी में शाम को ठंडी हवा चली। इससे पहले दिनभर बादलों के छाने से धूप से राहत तो मिली लेकिन गर्मी बरकरार रही हालांकि शाम को थोड़ी राहत महसूस की गई। जयपुर में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री गिरकर 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं न्यूनतम तापमान 0.4 की वृद्धि के साथ 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

20 मिमी बारिश, अंधड़ से एक दर्जन पेड़ उखड़े

कोटा शहर में दोपहर बाद तेज अंधड़ के साथ मूसलाधार बारिश और कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। तेज आंधी के चलते शहर में करीब एक दर्जन पेड़ गिर गए, जिससे कई मार्गों पर यातायात बाधित हो गया। बारिश के दौरान धार्मिक कार्यक्रम भी प्रभावित हुए। कोटा शहर में 20.8 एमएम बारिश दर्ज की गई।

आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत

चूरू जिले के साहवा कस्बे में सोमवार खेत में फसल की कटाई कर रही एक बुजुर्ग महिला तुलसी देवी (70) पर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन तुरंत उन्हें उपवार के लिए चाचान राजकीय सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस सप्ताह मौसम अलर्ट

  • 31 मार्च को शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
  • 1-2 अप्रैल को छुटपुट स्थानों पर मेघगर्जन व बूंदाबांदी तथा ज्यादातर स्थानों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
  • 3-5 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पुनः राज्य के कई भागों में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इस बार अप्रेल में हीटवेव से राहत

अप्रेल गर्मी के सीजन का पहला महीना होता है, जब गर्मी अपने तेवर दिखाने लगती है। लू (हॉट वेव्ज) परेशान करने लगती है, लेकिन इस बार अप्रैल का महीना कूल-कूल रहने वाला है। मौसम विभाग (आइएमडी) के मुताबिक अप्रैल के अंत तक हीट वैव जैसे हालात नहीं होंगे। क्योंकि इस बार अभी ऐसे कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जो अप्रैल में पारे को बढ़ने से रोकेंगे।

आइएमडी के मुताबिक लगातार बदलती मौसम प्राणालियों के चलते उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में 20 अप्रैल तक तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री सेल्सियस तक कम रहेगा। हालांकि आइएमडी ने सीजनल पूर्वानुमान में बताया था कि मार्च और मई 2026 में सामान्य से ज्यादा दिन लू का सामना करना पड़ेगा और गर्मी झेलनी होगी। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ ने इस पिक्चर को बदल दिया।

ये भी पढ़ें

Good News: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अब ‘सस्ती थाली’ जैसा कैफे; 10 में चाय 20 रुपए में समोसा-कचौरी की रेट फिक्स

Also Read
View All

अगली खबर