RAS-2024 Result : राजस्थान लोक सेवा आयोग के RAS परीक्षा-2024 रिजल्ट में ममता लिम्बा ने 27वीं रैंक हासिल कर श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ का नाम रोशन किया।
RAS-2024 Result : राजस्थान लोक सेवा आयोग के RAS परीक्षा-2024 रिजल्ट में ममता लिम्बा ने 27वीं रैंक हासिल कर श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ का नाम रोशन किया। बेटी की सफलता से खुशी से झूम रहे ममता लिम्बा के पिता चेतराम लिम्बा ने कहा कि उसने राजस्थान प्रशासनिक सेवा भर्ती 2024 के परिणाम में 27वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज और सूरतगढ़ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। चेतराम लिम्बा भगवानसर निवासी व वर्तमान में एलआईसी संगरिया में सीनियर ब्रांच मैनेजर पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी देते हुए चेतराम लिम्बा ने बताया कि उनकी पुत्री ममता का आरएएस परीक्षा में चयन होना परिवार के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है। ममता लिम्बा वर्तमान में सीएडी सिंचाई विभाग में जूनियर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं और अपनी कड़ी मेहनत एवं लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
परिवार की अन्य संतानों की उपलब्धियां भी प्रेरणादायक हैं। ममता से छोटी बेटी रेडियोलॉजी में डिप्लोमा कर रही है, जबकि पुत्र केरल से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। पूरे परिवार की शैक्षणिक उपलब्धियां समाज के लिए एक मिसाल बनी हुई हैं।
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने RAS परीक्षा-2024 का रिजल्ट आज जारी कर दिया है। इस रिजल्ट में कुल 2391 अभ्यर्थियों को मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त हुआ। RAS-2024 रिजल्ट में बाड़मेर के दिनेश विश्नोई ने टॉप किया है। लास्ट परीक्षा में दिनेश विश्नोई ने 57वीं रैंक हासिल की थी। फिलहाल आरपीएस की ट्रेनिंग कर रहे हैं।
RAS-2024 रिजल्ट में जैसलमेर के वीरेंद्र चारण ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनके पिता राजस्थान पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल की पोस्ट पर नौकरी करते हैं। वीरेंद्र चारण वर्तमान में तहसीलदार के पद पर कार्यरत हैं। वीरेंद्र चारण को मुख्य परीक्षा में 293 अंक, साक्षात्कार में 58 अंक प्राप्त हुए। इनका कुल फाइनल नम्बर 351 अंक हुआ। जिसके आधार पर वीरेंद्र चारण को RAS परीक्षा-2024 का रिजल्ट में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
इसके साथ ही राजस्थान लोक सेवा आयोग RAS-2024 में आठ अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी नहीं किया है। इसमें 5 अभ्यर्थियों के रिजल्ट सील्ड कवर में रखे गए हैं, जबकि 3 अभ्यर्थियों के रोक दिए गए हैं। इस संदर्भ में आयोग ने बताया कि कोर्ट में लंबित याचिका विचाराधीन होने के कारण 5 अभ्यर्थियों का परिणाम सील्ड कवर में रखा गया है।