“सफाई सेवा मैराथन 2026” के तहत राजधानी में स्वच्छता का बड़ा अभियान शुरू हो गया है। नगर निगम आयुक्त के नेतृत्व में यह अभियान पूरे शहर में जोर-शोर से चल रहा है, जिसमें करीब 9000 अधिकारी और कर्मचारी ऑन-ग्राउंड सक्रिय हैं। दो ट्रांसफर स्टेशन पर सामान्य दिनों की तुलना में दो गुना कचरा दोपहर 11 बजे तक ही पहुंच चुका है।
जयपुर। “सफाई सेवा मैराथन 2026” के तहत राजधानी में शनिवार को स्वच्छता का बड़ा अभियान शुरू हो गया है। नगर निगम आयुक्त के नेतृत्व में यह अभियान पूरे शहर में जोर-शोर से चल रहा है, जिसमें करीब 9000 अधिकारी और कर्मचारी ऑन-ग्राउंड सक्रिय हैं। दो ट्रांसफर स्टेशन पर सामान्य दिनों की तुलना में दो गुना कचरा दोपहर 11 बजे तक ही पहुंच चुका है।
आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर सफाई कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया और साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश दिए। इस अभियान में नगर निगम के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाएं जैसे सी-फार, फिनिलूप और राजस्थान सोलर एसोसिएशन भी सहयोग कर रहे हैं। अब तक सभी ट्रांसफर स्टेशन पर पहुच चुका है 1200 टन कचरा, शाम तक तीन हजार टन से अधिक कचरा पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।
तालकटोरा में सुरक्षा पर सख्ती
तालकटोरा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बिना लाइफ जैकेट के सफाई करते कर्मचारियों को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी सुरक्षा उपकरणों और लाइफ जैकेट के साथ ही कार्य करें। साथ ही जोन उपायुक्त को तालकटोरा की सफाई व्यवस्था को बेहतर तरीके से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
कचरा ट्रांसफर स्टेशनों का निरीक्षण
आयुक्त ने दिल्ली रोड स्थित लाल डूंगरी कचरा ट्रांसफर स्टेशन और मॉडर्न मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन का भी निरीक्षण किया। यहां मशीन-टू-मशीन कचरा निस्तारण प्रक्रिया का जायजा लिया और कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के साथ काम करने के निर्देश दिए।
गोल मार्केट कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर सुबह 11 बजे तक करीब 60 टन कचरा पहुंच चुका था, जबकि यहां रोजाना औसतन 80 टन कचरा आता है। वहीं झालाना डूंगरी स्थित ट्रांसफर स्टेशन पर भी 60 टन कचरा पहुंचा।