खास खबर

सातवीं बार छलके बीसलपुर डेम में शुक्रवार शाम क्या हुआ आखिरकार…. जानिए अब क्या होगा

बीसलपुर डेम पिछले एक पखवाड़े से छलक रहा है और अब डेम के छह में से 5 गेट बंद हो चुके हैं। अगले 48 घंटे में सिर्फ एक खुला गेट भी हो जाएगा बंद
2 min read
• •
Updated: 21 Sep 2024, 11:35 AM IST
Feature image

जयपुर। पिंकसिटी की लाइफलाइन बीसलपुर डेम पिछले एक पखवाड़े से लगातार छलक रहा है। शुक्रवार शाम से डेम में पानी की आवक घट गई है लेकिन अब भी डेम से बनास नदी में पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है। शुक्रवार शाम को डेम के खुले दो में से एक गेट को अब बंद कर दिया और सिर्फ एक गेट से ही अब पानी की निकासी हो रही है। अंतिम गेट बंद होने पर अगले 48 घंटे में पानी की निकासी भी बंद होने की संभावना है।

जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता मनीष बंसल ने बताया कि पिछले एक पखवाड़े से बीसलपुर बांध के छह गेट खोलकर बांध में हो रही पानी की तेज आवक को नियंत्रित किया गया है। बांध इस बार 7वीं बार छलका है और त्रिवेणी में अब भी पानी का बहाव 3 मीटर पर बने रहने से बीसलपुर बांध में पानी की आवक लगातार हो रही है। शुक्रवार को बांध के खुले दो गेट में से एक को अब बंद कर दिया गया है। वहीं अब गेट नंबर 9 को आधा मीटर उंचाई तक खोलकर 3 हजार क्यूसेक पानी की निकासी बांध से हो रही है।

गौरतलब है कि बीसलपुर बांध निर्माण के बाद पहली बार सितंबर माह में छलका है। अब से पहले बांध अगस्त माह में ही छलका लेकिन इस बार बंपर बारिश होने के बावजूद बांध में अगस्त माह में पानी की आवक काम होने पर बांध उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। अगस्त माह के अंत में बांध के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई और आखिरकार बांध सितंबर के पहले सप्ताह में छलक गया। बांध छलकने के के पहले दिन दो गेट खोले गए और फिर गेट खुलने का सिलसिला छह गेट पर जाकर थमा ।

बांध की कुल जलभराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है और अभी बांध का जलस्तर उच्च जलभराव क्षमता पर ठहरा हुआ है। अभी बांध में जितने पानी की आवक हो रही है उतना ही पानी डाउन स्ट्रीम में छोड़ा जा रहा है। बारिश का दौर कमजोर पड़ने से त्रिवेणी में भी पानी का बहाव अब लगातार कम हो रहा है। ऐसे में अगले एक दो दिन में बांध में पानी की आवक और कम होने पर खुले अंतिम एक और गेट को बंद करने की तैयारी है।

Updated on:
21 Sep 2024, 11:35 AM IST
Published on: