
Women's Table Tennis at Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के वूमेंस टेबल टेनिस टीम इवेंट के ग्रुप E में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की कर ली है। टीम इंडिया ने इससे पहले सिंगापुर को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया था, तो वहीं इंडोनेशिया के खिलाफ एकतरफा 3-0 से जीत दर्ज की थी। सोमवार की सुबह भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराकर अपना अजेय अभियान बरकरार रखा। पहले गेम में जहां सुतीर्था मुखर्जी ने अलीना खान को 11-3, 11-3, 11-4 से हराया, तो वहीं दूसरे गेम में सिंद्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से हराया। इसके बाद फातिमा खान के खिलाफ श्रीजा अकूला ने शानदार जीत हासिल की और तीनों गेम जीतकर 3-0 से मुकाबला तो जीता ही, साथ ही भारतीय टीम को भी 3-0 से जीत दिला दी।
अब भारतीय टीम क्वार्टरफाइनल में थाईलैंड से भिड़ेगी, जो 22 सितंबर को होगा। ग्रुप ई से इंडिया ने अंतिम 8 और सिंगापुर ने राउंड ऑफ 16 के लिए क्वालीफाई किया है। तो वहीं थाइलैंड, चीनी ताइपे, साउथ कोरिया और चीन ने सीधे क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।
वूमेंस टेबल टेनिस टूर्नामेंट में 4 टीमों को ग्रुप्स में टॉप रहने और रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है। क्वार्टरफाइनल मुकाबले 22 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि 24 सितंबर को गोल्ड मेडल मैच होगा।
आपको बता दें कि पिछले एशियन गेम्स में चीन ने गोल्ड जीता था, तो जापान ने सिल्वर और साउथ कोरिया के साथ थाईलैंड ने कांस्य पदक मैच जीता था। टीम इंडिया का टेबल टेनिस में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और उस टूर्नामेंट में सिर्फ एक कांस्य पदक मिला था। चीन ने 6 गोल्ड पर कब्जा किया था, तो साउथ कोरिया ने एक गोल्ड मेडल मैच जीता था।
सुतीर्था मुखर्जी ने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इस दौरान पाकिस्तान की खिलाड़ी अलीना सुतीर्था के सामने पूरी तरह से बैकफुट पर नजर आईं। सुतीर्था पूरे मैच में हावी रहीं और उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ी को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। दूसरे मुकाबले में सिंड्रेला दास ने दमदार प्रदर्शन किया। भारतीय युवा खिलाड़ी सिंड्रेला ने पाकिस्तान की कुलसूम खान के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया और उन्हें आसानी से 11-6, 11-7, 11-5 से शिकस्त देते हुए भारत को मुकाबले में 2-0 की बढ़त दिलाई। तीसरे मैच में श्रीजा अकुला फातिमा खान के खिलाफ पूरे मैच में हावी नजर आईं और उन्होंने मैच को 11-4, 11-4 और 11-5 से अपने नाम किया। श्रीजा की जीत के साथ ही भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।