
बालोद जिले में दो साल बाद संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू हुआ है। इसे लेकर स्कूली बच्चों में खासा उत्साह है, लेकिन आयोजन के लिए बजट नहीं मिलने से स्कूलों और संकुलों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कहीं ग्राम विकास समितियां चंदा जुटाकर आयोजन करा रही हैं, तो कहीं शिक्षक और पालक अपनी जेब से खर्च उठा रहे हैं।
बघमरा में ग्राम विकास समिति और ग्रामीणों ने मिलकर प्रतियोगिता का आयोजन कराया। ग्रामीणों ने आपस में राशि जुटाकर मैदान तैयार कराया। बच्चों के भोजन और पुरस्कार की व्यवस्था की। इसी तरह ग्राम मटिया में भी गुरुवार से संकुल स्तरीय प्रतियोगिता शुरू होगी। यहां भी आयोजन के लिए ग्रामीणों का सहयोग लिया जा रहा है। जिले के अन्य संकुलों में भी कमोबेश यही स्थिति है। खेल सामग्री की कमी भी सामने आ रही है।
लंबे अंतराल के बाद प्रतियोगिता शुरू होने से बच्चे कबड्डी, खो-खो, दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक सहित विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि दो साल तक प्रतियोगिताएं नहीं होने से बच्चों की खेल गतिविधियां प्रभावित हुई थीं। अब आयोजन शुरू होने से उनमें अपनी प्रतिभा दिखाने का उत्साह नजर आ रहा है।
खेलकूद शिक्षा का अभिन्न हिस्सा है। इससे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होने के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में संकुल स्तरीय प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराती हैं।
पालक सीतेश कुमार, उमेश साहू और राहुल कुमार ने कहा कि शासन के पास अन्य आयोजनों के लिए बजट की व्यवस्था हो जाती है, लेकिन बच्चों की खेल प्रतियोगिताओं के लिए राशि नहीं मिलना समझ से परे है। ग्रामीण हर बार चंदा जुटाकर आयोजन नहीं करा सकते। शासन को इन प्रतियोगिताओं के लिए नियमित बजट उपलब्ध कराना चाहिए, जिससे बच्चों को खेल सामग्री, भोजन और पुरस्कार जैसी सुविधाएं मिल सकें।
बालोद के जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे ने कहा कि स्कूली खेलकूद और बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए शासन से अलग से कोई बजट नहीं मिलता। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजन कराए जा रहे हैं। सभी संकुलों में प्रतियोगिताएं उत्साहपूर्वक हो रही हैं और बच्चों में खेल के प्रति अच्छा उत्साह दिखाई दे रहा है।