खेल

CWG 2026: आखिरी 7 सेकंड में गुलवीर सिंह से न होती ये चूक, तो कॉमनवेल्थ गेम्स में बदल जाता उनके ऐतिहासिक मेडल का रंग

CWG 2026 Men's 5000m Final: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने मेन्स 5,000 मीटर रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। एक ही CWG संस्करण में दो मेडल जीतने वाले पहले भारतीय 'ट्रैक एंड फील्ड एथलीट' बने गुलवीर ने इससे पहले 10,000 मीटर में भी सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।
2 min read
Aug 02, 2026
Gulveer Singh Bronze Medal CWG 2026
गुलवीर सिंह ने मेन्स 5,000 मीटर रेस में जीता ब्रॉन्ज मेडल (फोटो- Glasgow 2026 X)

Gulveer Singh Bronze Medal CWG 2026: भारत के लॉन्ग-डिस्टेंस रनर गुलवीर सिंह ने शनिवार को देर रात मेन्स 5,000 मीटर रेस के फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। इस मेडल की वजह से वह कॉमनवेल्थ गेम्स के एक ही संस्करण में 2 मेडल जीतने वाले पहले भारतीय 'ट्रैक एंड फील्ड एथलीट' बन गए हैं। इससे पहले गुलवीर ने मेन्स 10,000 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीता था। इस ऐतिहासिक पल को वे और शानदार बना सकते थे, लेकिन रेस के आखिरी 7 सेकंड में वह खुद को एक्सीलरेट नहीं कर पाए और ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।

सिल्वर मेडल से चूके गुलवीर

गुलवीर सिंह ने 13:24.95 का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि केन्या के मैथ्यू किपचुम्बा किपसांग ने 13:23.61 का समय निकालकर गोल्ड मेडल जीता। ऑस्ट्रेलिया के काय रॉबिन्सन 13:24.70 के साथ सिल्वर मेडलिस्ट रहे। गुलवीर एक समय रेस में 5वें स्थान पर चल रहे थे, लेकिन आखिरी 300 मीटर में उन्होंने खुद को एक्सीलरेट किया और दूसरे स्थान पर आ गए। हालांकि, जब आखिरी 40-50 मीटर की दूरी बची थी, तब ऑस्ट्रेलिया के काय रॉबिन्सन ने एक्सीलरेट किया और गुलवीर को पछाड़ दिया। भारतीय धावक ने खुद को काफी पहले एक्सीलरेट कर लिया था, जिससे वे आखिरी पल में और ज्यादा जोर नहीं लगा सके और तीसरे स्थान पर रहे।

पहले लैप के बाद 8वें स्थान पर थे गुलवीर

स्कॉट्सटाउन स्टेडियम में गुलवीर सिंह ने पहले 400 मीटर 1:10.6 सेकंड में पूरे किए। उस समय तक वह 8वें स्थान पर थे। इसके बाद उन्होंने अगले 400 मीटर 1:06.4 सेकंड में पूरे करते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया था। यहां से अगले दो लैप उन्होंने क्रमशः 32.9 सेकंड और 34.1 सेकंड में पूरे किए।

उत्तर प्रदेश के अतरौली के रहने वाले 28 वर्षीय आर्मीमैन गुलवीर सिंह ने शुरुआती 3,000 मीटर 8:16.6 सेकंड में पूरे किए। उस समय तक वह पांचवें स्थान पर थे। गुलवीर ने 4,800 मीटर तक तीसरा स्थान हासिल कर लिया था, जिसके बाद अगले 200 मीटर यही स्थान बरकरार रखते हुए देश को ब्रॉन्ज जिताया।

टॉप से दूसरे स्थान पर खिसके रॉबिन्सन

केन्या के मैथ्यू किपचुम्बा किपसांग ने शुरुआती 400 मीटर 1:11.0 सेकंड में पूरे किए। उस समय तक वह 15वें स्थान पर थे। इसके बाद उन्होंने 3,000 मीटर 9वें स्थान पर रहते हुए 8:16.8 सेकंड में पूरे किए। 4,800 मीटर तक किपसांग सबसे आगे पहुंच गए थे। इसके बाद उन्होंने बढ़त को बरकरार रखते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के काय रॉबिन्सन ने शुरुआती 400 मीटर सबसे आगे रहते हुए 1:10.2 सेकंड में पूरे किए। इसके बाद 3,000 मीटर तक यह धावक 7वें स्थान पर था। उन्होंने यह दूरी 8:16.7 सेकंड में पूरी कर ली थी। रॉबिन्सन 4,500 मीटर तक एक बार फिर शीर्ष पर पहुंच गए थे, लेकिन 4,700 मीटर के बाद इस बढ़त को गंवा दिया। उन्होंने दूसरे पायदान पर रहते हुए सिल्वर अपने नाम किया।

भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अब तक कुल 39 मेडल हासिल किए हैं, जिनमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। फिलहाल भारत मेडल टैली में चौथे स्थान पर है।

Updated on:
02 Aug 2026 09:34 am
Published on:
02 Aug 2026 09:34 am